चंडीगढ़, 29 जुलाई। हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के एक वर्ष पूरा होने पर प्रदेशवासियों के साथ-साथ शिक्षाविदों, अभिवावकों विशेष रूप से युवाओं को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
दत्तात्रेय गुरुवार को राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के एक वर्ष पूरा होने पर आयोजित उत्सव वेबिनार से जुड़ रहे थे। इस वेबिनार को भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने संबोधित किया। इस वेबिनार में विद्या प्रवेश, भारतीय सांकेतिक भाषा, निष्ठा-2.0 एवं सफल कार्यक्रम लॉंच किए गए।
दत्तात्रेय ने कहा कि देश में राष्ट्रीय शिक्षा नीति- 2020 लागू होने से एक नए युग की शुरूआत हुई है।
विशेषकर नई शिक्षा नीति से युवाओं को उनके सपनों के अनुरूप वातावरण मिलेगा।
आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर लागू की गई यह शिक्षा नीति शिक्षा के क्षेत्र में क्रान्तिकारी बदलाव लाएगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि हरियाणा की सभी शिक्षण संस्थाएं विशेषकर विश्वविद्यालय नई शिक्षा नीति के तहत तैयार किए गए सभी कार्यकर्मों को लागू करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।