चंडीगढ़, 02 जुलाई। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि निस्वार्थ भाव से समाजसेवा करने के इच्छुक लोगों के लिए सरकारी स्तर पर प्लेटफार्म प्रदान किया जाएगा ताकि उनका सहयोग लेकर व्यवस्थाओं में और सुधार लाया जा सके। मुख्यमंत्री शुक्रवारक को चंडीगढ़ में आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज में ऐसे बहुत से लोग हैं जो समाज के लिए स्वेच्छा से काम करना चाहते हैं और उन्हें इसके बदले में किसी चीज की चाह या आवश्यकता नहीं है। उन्होंने अधिकारियों को कहा कि ऐसे लोगों के लिए वॉलिंटियर सेवा देने हेतु प्लेटफार्म तैयार करने की सभी आवश्यक औपचारिकताएं जल्द से जल्द से पूरी करें।
उन्होंने कहा कि समाज के बहुत से ऐसे सेवानिवृत व्यक्ति हैं जो समाज के लिए कुछ करना चाहते हैं, इनके अनुभवों का लाभ उठाते हुए कार्य योजना तैयार की जानी बेहद आवश्यक है। इससे न केवल समाज का भला होगा बल्कि इन अनुभवी लोगों को भी आत्मसंतुष्टि होगी।
(SUBHEAD)
मुख्यमंत्री ने कहा कि दुर्गा शक्ति ऐप एवं डायल 112 सुविधाएं भी हालांकि आपात स्थिति में सहयोग के लिए हैं लेकिन समाज का एक बहुत बड़ा वर्ग ऐसा है जो सरकारी सेवा में नहीं है और वह समाज को सेवा देना चाहता है। उन्होंने कहा कि लोगों में यह भाव जगना चाहिए कि मैं समाज को क्या दूंगा ।
बैठक में विदेश सहयोग विभाग के प्रधान सचिव एवं रिसोर्स मोबलाईजेशन सलाहकार योगेन्द्र चौधरी ने विस्तार से इस प्रोजैक्ट के बारे में जानकारी दी और बताया कि कोरोना हामारी के दौरान सेवा के लिए आगे आते हुए प्रदेश के 89680 लोगों ने रजिस्ट्रेशन करवाया था।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव डी एस ढेसी, एसीएस वी एस कुण्डु, प्रधान सचिव ए के सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव वी उमाशंकर, अतिरिक्त प्रधान सचिव डॉ.अमित अग्रवाल, उप प्रधान सचिव श्रीमती आशिमा बराड़ सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।