चंडीगढ़, 01 जुलाई। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने पिछले पांच वर्षों से मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगियों (सीएमजीजीए) द्वारा किए गए कार्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा की है। यह सहयोगी सैद्धांतिक रूप से स्वीकृत सरकारी योजनाओं को फील्ड में स्थानीय प्रशासन के साथ तालमेल कर सफल क्रियान्वयन में समर्पित टीम के रूप में कार्य करतें हैं। हरियाणा के इस कार्यक्रम की राष्ट्रीय स्तर पर भी सराहना हुई है तथा कुछ राज्यों ने इसका अनुसरण करने की पहल की है।
मनोहर लाल हरियाणा निवास में मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगियों के पांचवें बैच के पासिंग-आऊट अवसर पर बोल रहे थे। सीएमजीजीए को सीएसआर के माध्यम से सहयोग देने वाली पार्टनर कंपनियों के प्रतिनिधि वर्चुअली कार्यक्रम से जुडे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें खुशी है कि पांच वर्षों से सीएमजीजीए कार्यक्रम जमीनी स्तर पर योजनाओं और सेवाओं के वितरण में सकारात्मक परिणाम देता रहा है। कोरोना वैश्विक महामारी के दौरान आए संकट की घड़ी में भी इस बैच के सुशासन सहयोगियों ने बेहतरीन कार्य किया है जो सराहनीय है।
सीएमजीजीए के कार्यक्रम निदेशक डॉ.राकेश गुप्ता ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि अगले बैच की चयन प्रक्रिया जारी है तथा 2600 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं और आशा है कि आगामी पांच अगस्त तक नए सुशासन सहयोगी कार्यभार संभाल लेंगे।
अशोका विश्वविद्यालय के सह-संस्थापक और ट्रस्टी विनीत गुप्ता ने कहा कि फैलोशिप के लिए पिछले पांच वर्षों से बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हो रहे हैं, जिससे प्रतिस्पर्धा स्तर बढ़ रहा है। गहन चयन प्रक्रिया के बाद 25 आवेदक कार्यक्रम का हिस्सा बनते हैं गत पांच वर्षों में कुल 123 सहयोगियों ने हरियाणा में अनेक क्षेत्रों पर अपना गहरा प्रभाव डाला है।