चंडीगढ़, 15 जून। हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने मंगलवार को राज्य के नागरिक अस्पतालों, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों के साथ-साथ सब-सेंटरों में ‘‘स्वच्छता पखवाड़े’’ की शुरूआत की है। यह ‘‘स्वच्छता पखवाड़ा’’ 30 जून तक चलेगा।
इस अवसर पर वीडियो कान्फे्रंसिंग के माध्यम से विज ने राज्य के सभी सिविल सर्जनों से बातचीत की और आवश्यक दिशानिर्देश भी दिए। विज ने कहा कि आज हमने ‘‘स्वच्छता पखवाड़े’’ की शुरूआत की है लेकिन हमें इसे अपने जीवन में नित्य अपनाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि हम इस खतरनाक संक्रामक बीमारी कोरोना की दूसरी लहर से बाहर निकल रहे हैं इसलिए हमें सभी पीएचसी, सीएचसी और अस्पतालों को साफ करना होगा और इस दौरान अपने-अपने संस्थान का रूप निखारना होगा।
विज ने डाक्टरों, नर्सों व पैरामैडीकल स्टाफ को कोरोना योद्धा बताते हुए नमन किया और कहा कि इस सदी की सबसे मुश्किल घड़ी में इन योद्धाओं/टीम ने काफी मुश्किलें आने के बावजूद अपने कार्य को निरंतर जारी रखते हुए दिन-रात कार्य किया है। उन्होंने कहा कि इस दौरान हरियाणा के किसी भी नागरिक अस्पताल में कोई अप्रिय घटना नहीं हुई और इन योद्धाओं ने स्थिति को संभालने में अपना भरपूर योगदान किया।
उन्होंने कहा कि कोरोना जैसी खतरनाक बीमारी से संक्रमित मरीज के पास जाते हुए लोग घबराते हैं तब भी इन योद्धाओं ने लोगों को ठीक करने, उपचार करने व उपचार से ठीक होने के बाद लोगों को उनके घर भेजने का साहसिक कार्य किया है। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में दिन में तीन-तीन बार पोचा लगे व सोडियम हाइड्रोक्लोराइड का इस्तेमाल करते हुए कीटाणुशोधन का काम किया जाए। इसी प्रकार विज ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि अस्पतालों के खाली स्थानों पर पौधारोपण का कार्य भी होना चाहिए ताकि अस्पतालों का माहौल खुशनुमा बनें।
उन्होंने सुझाव देते हुए कहा कि अस्पतालों में फूलों के पौधे लगाए जाएं ताकि मरीजों को अच्छा महसूस हो। इस दौरान स्वास्थ्य सेवाएं विभाग की महानिदेशक डा. वीना सिंह ने स्वच्छता के संबंध में एक प्रस्तुति भी दिखाई। इस मौके पर हरियाणा चिकित्सा सेवाएं निगम के प्रबंध निदेशक साकेत कुमार, खाद्य एवं औषध प्रशासन के आयुक्त राजीव रत्तन सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।