चंडीगढ़, 15 मार्च। हरियाणा सरकार अब भिवानी में बनने वाले मेडिकल कालेज का नाम स्वतंत्रता सेनानी पंडित नेकीराम के नाम पर रखेगी। बजट में की गई घोषणा को सरकार ने बदल दिया है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सोमवार को भिवानी के नागरिक अस्पताल को केन्द्रीय प्रायोजित परियोजना के तहत अपग्रेड कर इसे चिकित्सा महाविद्यालय के रूप में विकसित करने तथा इसका नाम प्रसिद्ध स्वतंत्रता सेनानी पंडित नेकी राम शर्मा के नाम करने की घोषणा की।
(SUBHEAD)
सरकार ने बजट में भिवानी में बनने वाले मेडिकल कालेज का नाम पूर्व उपमुख्यमंत्री डाक्टर मंगल सेन के नाम पर रखने का ऐलान किया था। सोमवार को सदन में इस मुद्दे पर जमकर हंगामा हुआ। सरकार ने इसे मानवीय गलती बताकर नाम बदलने का तो ऐलान किया लेकिन वर्तमान में चौधरी बंसीलाल के नाम से चल रहे अस्पताल का कहीं उल्लेख नहीं किया।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सोमवार को सदन में बताया कि बजट अभिभाषण के बिंदु 112 में भिवानी के नागरिक अस्पताल को अपग्रेड कर डॉ.मंगलसेन के नाम से करने की बाती कही गई थी, परंतु अब इस त्रुटि को सुधार लिया गया है। उन्होंने कहा कि 26 जनवरी, 2019 को उन्होंने स्वयं अस्पताल को अपग्रेड करने की घोषणा की थी और इसका नाम भी पंडित नेकी राम शर्मा के नाम से रखने की बात कही थी। सीएम जब सदन में यह प्रस्ताव पेश कर रहे थे तो किरण चौधरी ने कहा कि पंडित नेकी राम शर्मा पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय चौधरी बंसीलाल के गुरू थे, लेकिन सरकार सदन में यह भी उल्लेख करे कि वर्तमान में चौधरी बंसीलाल के नाम से चल रहे अस्पताल का नाम बदला जाएगा या फिर वही रहेगा।