चंडीगढ़। सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी निगम व परिषद चुनाव में उतर गई है। भाजपा ने निगमों के बाद रविवार को एक पत्र जारी करके रेवाड़ी नगर परिषद चुनाव के लिए पूर्व शिक्षा मंत्री एवं पूर्व प्रदेशाध्यक्ष रामबिलास शर्मा को प्रभारी नियुक्त कर दिया है। इसके साथ ही पंचकूला, अंबाला व सोनीपत में चुनाव लडऩे के चाहवानों से आवेदन मांग लिए गए हैं।
हरियाणा में फरीदाबाद व गुरुग्राम समेत दस नगर निगम हैं। इनमें से सात नगर निगमों के चुनाव हो चुके हैं। करीब दो साल पहले हुए पांच नगर निगम रोहतक, करनाल, हिसार, पानीपत और यमुनानगर नगर निगमों के चुनाव में भाजपा ने जीत का परचम लहराया था। वार्डबंदी तथा मतदाता सूचियां पूरी होने के अभाव में पंचकूला, सोनीपत व अंबाला नगर निगमों के चुनाव नहीं हो पाए थे। इसके अलावा अंबाला व पंचकूला नगर निगमों को तोड़ा गया है। उसमें कुछ नगर परिषद व नगर पालिका शामिल किए गए थे, लेकिन गृह मंत्री अनिल विज के विरोध के चलते अंबाला तथा स्पीकर ज्ञानचंद गुप्ता के विरोध के चलते पंचकूला नगर निगमों का नए सिरे से गठन हुआ है। इसलिए मतदाता सूचियां बनने का काम पूरा होते ही इन तीनों नगर निगमों में मेयर व पार्षदों के चुनाव होंगे।
(SUBHEAD)
भाजपा इन तीनों निगमों के लिए चुनाव प्रभारियों की नियुक्तियां कर चुकी हैं। भाजपा ने तीनों नगर निगमों के लिए मेयर तथा पार्षदों का चुनाव लडऩे के इच्छुक दावेदारों से आवेदन मांग लिए। प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने बताया कि पार्टी के जिलाध्यक्षों के समक्ष यह आवेदन किए जा सकेंगे। आवेदन की प्रक्रिया सोमवार से ही शुरू होने जा रही है।
हरियाणा में होने वाले निगम चुनाव को लेकर निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूचियों को वार्ड स्तर पर लागू किया जा रहा है। यह कार्य 29 नवंबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था। सोमवार को हरियाणा में सरकारी अवकाश है। ऐसे में यह माना जा रहा है कि मंगलवार को इस संबंध में तैयारी को लेकर एक रिपोर्ट सरकार के पास भेजी जाएगी। जिसके बाद चुनाव आयोग द्वारा चुनाव कार्यक्रम का ऐलान किया जाएगा।