चंडीगढ़। राजस्थान की सीमा के साथ लगते भिवानी जिले के सोहांसरा, बरालु, सेहर और बिठ्ठन, नकीपुर व पहाड़ी आदि गांवों में टिड्डियों ने हमला बोल दिया। इन गांवों में किसान और कृषि विभाग के अधिकारियों की टीमें टिड्डियों को शोर आदि करके उड़ते दिखाई दिए। वहीं सांझ झांझ ढलते ढलते 4 गुणा 2 किलोमीटर आकार का यह टिड्डी अलग अलग झुंडों में तबदील होकर कई खेतों में बिखर गया। सबसे बड़े झुंड ने गांव बिठ्ठन और चहडला के बीच अपना पड़ाव डाल दिया।
दिनभर से टिड्डी दल के हमले पर नजरें टिकाए बैठे प्रशासन के आला अधिकारियों और कृषि मंत्री जेपी दलाल तक इस पड़ाव की सूचना पहुंची तो जिला उपायुक्त अजय कुमार, एसडीएम जगदीश चंद्र और कृषि विभाग के चंद्रभान बिठ्ठन सहित अनेक अधिकारी पूरे प्रबंधों के साथ बिठ़्ठन गांव पहुंच गए। यहीं नही रात्रि 12 बजे कृषि एवं पशुपालन मंत्री जेपी दलाल भी मौके पर पहुंच गए। टिड्डी दल पर नियंत्रण के लिए प्रशासन ने आस पास के जिलों की करीब आधा दर्जन से अधिक दमकल गाडिय़ां मौके पर बुला ली और अनेक किसान भी ट्रैक्टर और स्प्रे मशीन लेकर मौके पर पहुंंच गए।
(SUBHEAD)
कृषि मंत्री जेपी दलाल के मार्गदर्शन में प्रशासन ने रात्रि 12 बजे ऑपरेशन टिड्डी कंट्रेाल चलाया। उनका यह अभियान सुबह करीब चार बजे तक चला। कृषि मंत्री जेपी दलाल ने कहा कि टिड्डियों ने आज हरियाणा में चार स्थानों पर हमले किए हैं। प्रदेश भाजपा सरकार ने टिड्डियों पर नियंत्रण के लिए पूरे प्रबंध कर रखे हैं। किसानों के सहयोग से टिड्डियों का सफाया किया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसान को भयभीत होने की जरूरत नही है, टिड्डियों से कोई नुकसान नही होने दिया जाएगा। अगर होगा भी तो सरकार उसके मुआवजे का प्रबंध करेगी। कृषि मंत्री ने कहा कि कोरोना महामारी के तरह टिड्डी दल की महामारी से निपटने की जरूरत है।