चंडीगढ़ , 18 नवंबर -निदेशालय, सैकेण्डरी शिक्षा विभाग हरियाणा, पंचकुला के निर्देशानुसार हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड, भिवानी द्वारा 26 व 27 दिसंबर, 2026 को हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा-2026 (एचटेट) लेवल-1, 2 व 3 का आयोजन करवाया जा रहा है। हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा-2026 के लिए 18 नवंबर, 2026 से आवेदन फार्म लाईव कर दिए गए हैं। परीक्षा से संबंधित सूचना बुलेटिन (Information Bulletin) बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in पर उपलब्ध हैं।
इस आशय की जानकारी देते हुए बोर्ड अध्यक्ष डॉ० शंकर लाल धूपड़ ने बताया कि हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा के लिए इच्छुक अभ्यर्थी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in पर दिए गए लिंक के माध्यम से महत्वपूर्ण निर्देशों को ध्यान से पढक़र/समझकर 27 नवंबर, 2026 (रात्रि 23:59 बजे) तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
- 27 नवंबर तक अभ्यर्थी कर सकते हैं ऑनलाइन आवेदन
- 28 व 29 नवंबर को विवरणों में कर सकते हैं ऑनलाइन संशोधन
उन्होंने आगे बताया कि हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा हेतु अभ्यर्थी यदि एक लेवल के लिए आवेदन करता है तो उसे 1200 रूपये, दो लेवलों के लिए 2000 रूपये तथा तीनों लेवलों के लिए 2600 रुपये शुल्क के साथ ऑनलाइन आवेदन करना होगा। इसी प्रकार हरियाणा के अनुसूचित जाति वर्ग से संबंधित तथा दिव्यांग अभ्यर्थी यदि एक लेवल के लिए आवेदन करता है तो उसे 700 रूपये, दो लेवलों के लिए 1100 रूपये तथा तीनों लेवलों के लिए 1400 रुपये शुल्क के साथ ऑनलाइन आवेदन करना होगा।
उन्होंने बताया कि ऑनलाइन आवेदन करने से पूर्व अभ्यर्थी सूचना बुलेटिन (Information Bulletin) में दर्शाए गए महत्वपूर्ण निर्देशों को ध्यान से पढक़र/समझकर अपनी पात्रता सुनिश्चित कर लें। ऑनलाइन आवेदन व परीक्षा शुल्क के सफलतापूर्वक जमा करने के बाद अभ्यर्थी पुष्टिकरण पृष्ठ (Confirmation Page) का प्रिंट लेना सुनिश्चित कर लें।
श्री धूपड़ ने आगे बताया कि अभ्यर्थी अपने विवरण अर्थात नाम, पिता का नाम, माता का नाम, जन्म तिथि,फोटोयुक्त पहचान-प्रमाण-पत्र, आधार नंबर और विषय के चयन (लेवल 2 व 3) में 28 व 29 नवंबर, 2026 को ऑनलाइन संशोधन कर सकते हैं। उन्होंने आगे बताया कि निर्धारित अवधि उपरांत ऑनलाइन संशोधन की अनुमति नहीं होगी व इस सन्दर्भ में कोई भी प्रार्थना/प्रतिवेदन किसी भी माध्यम से स्वीकार नहीं किया जाएगा। इसके अतिरिक्त ऑनलाइन आवेदन उपरांत लेवल,जाति वर्ग, गृह राज्य व शारीरिक रूप से चुनौतीपूर्ण विकल्प में कोई परिवर्तन/शुद्धि करने की अनुमति नहीं होगी। ई-मेल,पत्र व अन्य माध्यमों से प्राप्त प्रार्थना-पत्रों पर कोई विचार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने आगे बताया कि यदि कोई अभ्यर्थी एक पंजीकरण उपरान्त अन्य लेवल की परीक्षा देने का इच्छुक है, तो उसी पंजीकरण के अन्तर्गत ही दूसरे लेवल के लिए आवेदन कर सकता है। यदि कोई अभ्यर्थी एक लेवल के लिए एक से अधिक आवेदन करता है, तो उसका आवेदन/पात्रता रद्द कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थी नवीनतम अपडेट के लिए वेबसाइट www.bseh.org.in का नियमित तौर पर अवलोकन करते रहें ताकि वे किसी भी महत्वपूर्ण व अति-आवश्यक जानकारी/सूचना से वंचित न रहें। उन्होंने बताया कि आवेदक अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि अन्तिम तिथि की प्रतीक्षा किये बिना आवेदन प्रक्रिया तत्काल पूर्ण करें। अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन करते समय किसी प्रकार की तकनीकी कठिनाई उत्पन्न होती है तो मोबाइल नंबर 9001837558 व ई-मेल आई.डी. htethelpdesk2026@gmail.com पर संपर्क कर सकते हैं।