चंडीगढ़। हरियाणा के कारागार विभाग में वालंटियर जेल वार्डर के 699 पदों को भूतपूर्व सैनिकों या केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल के सेवानिवृत्त कर्मियों से एक वर्ष की नियमित अवधि के लिए अनुबंध आधार पर रखा जाएगा। विभाग के प्रवक्ता ने शनिवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि केंद्रीय जेल अंबाला में 30, केंद्रीय जेल-1, हिसार में 97, केंद्रीय जेल-2, हिसार में पांच, जिला जेल भिवानी में 12, जिला जेल फरीदाबाद में 82, जिला जेल गुरुग्राम में 83 और जिला जेल झज्जर में तीन वालंटियर जेल वार्डन रखे जाएंगे। इसी तरह, जिला जेल जींद में 27, जिला जेल कैथल में 11, जिला जेल करनाल में 117, जिला जेल कुरुक्षेत्र में 9, जिला जेल नारनौल में 16, जिला जेल पलवल में एक, जिला जेल पानीपत में 47, जिला जेल रेवाड़ी में 118, जिला जेल रोहतक में पांच, जिला जेल सिरसा में सात, जिला जेल सोनीपत में चार और जिला जेल यमुनानगर में वालंटियर जेल वार्डन के 27 पद अनुबंध आधार पर भरे जाएंगे।
(SUBHEAD)
(MOREPIC1)
उन्होंने बताया कि इस पद के लिए भारतीय सेना के भूतपूर्व सैनिक या केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल के ऐसे सेवानिवृत्त कर्मी पात्र होंगे, जिनकी आयु 25 से 50 वर्ष के बीच हो और जिन्हें अनुशासनहीनता, कदाचार या चिकित्सा अस्वस्थता के कारण सेवा से न हटाया गया हो। वालंटियर जेल वार्डर अनुबंध आधार पर केवल एक वर्ष की अवधि या नियमित उम्मीदवार के कार्य ग्रहण की तिथि, जो भी पहले हो, के लिए 18000 रुपये मासिक मानदेय पर रखे जाएंगे। यह राशि उन्हें नकद न देकर उनके बैंक खाते में जमा करवाई जाएगी। भर्ती के समय उन्हें 2 जोड़ी वर्दी, एक जोड़ी जूते और वर्दी से संबंधित अन्य आवश्यक वस्तुओं के लिए एकमुश्त 3000 रुपये दिए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि इन जेल वार्डरों को सरकारी दौरे के लिए 150 रुपये प्रतिदिन यात्रा भत्ता या दैनिक भत्ता तथा हरियाणा जेल विभाग के जेल वार्डर के लिए लागू अनुसार आकस्मिक अवकाश प्रदान किया जाएगा। वालंटियर जेल वार्डरों की भर्ती के समय कोई लिखित परीक्षा तथा शारीरिक मापतोल का आयोजन नहीं होगा।