चंडीगढ़। हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री ओम प्रकाश यादव ने कहा कि प्रदेश के कैंसर, किडनी और एडस से पीडित लोगों को पैंशन का लाभ देने के लिए स्वास्थ्य विभाग सेे आंकड़े मांगे गए हैं और पीडि़त लोगों को जल्द ही इस योजना का लाभ मिलेगा। यादव ने बुधवार को विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश में अभी तक 28 लाख 74 हजार लाभार्थियों को विभाग की विभिन्न योजनाओ के तहत पेंशन का लाभ दिया जा रहा है।
जिसमें वृद्धावस्था सम्मान भत्ता योजना में 17 लाख 38 हजार, विधवा पेंशन में 7 लाख 42 हजार, दिव्यांग जन पेंशन में एक लाख 74 हजार, निराश्रित बच्चों को वितीय सहायता योजना में एक लाख 61 हजार, लाडली सामाजिक सुरक्षा भत्ता योजना में 43 हजार, कश्मीरी विस्थापित परिवारों को वित्तीय सहायता योजना में 9, बौना भत्ता योजना में 39, किन्नर भत्ता योजना में 32 और स्कूल में न जाने वाले दिव्यांग बच्चों के लिए वित्तीय सहायता में 13 हजार लाभार्थियों को पेंशन का लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने विभाग के अधिकारियों को कहा कि पेंशन से संबंधित आने वाली समस्याओं का जल्द से जल्द निपटान किया जाए ताकि पेंशन योजना का लाभ लेने वाले लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़े।