चंडीगढ़। पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र हुड्डा ने हरियाणा की तरफ से खेलने वाले दिग्गज घरेलू क्रिकेटर, रणजी ट्राफ़ी में सर्वाधिक विकेट लेने का कीर्तिमान बनाने वाले और बीसीसीआई द्वारा सी.के. नायडु लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित दिग्गज क्रिकेटर राजेंद्र गोयल के निधन पर गहरा शोक प्रकट किया। नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने बताया कि अभी एक हफ्ते पहले ही उन्होंने फोन पर राजेन्द्र गोयल जी से बात की थी और उनका हाल-चाल जाना था। उन्होंने कहा कि राजेन्द्र गोयल जी के निधन से घरेलू क्रिकेट और खेल जगत को अपूरणीय क्षति हुई है। उन्होंने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि और परिजनों-प्रशंसकों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं प्रकट कीं।
(SUBHEAD)
राज्य सभा सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने दिग्गज क्रिकेटर राजेंद्र गोयल के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया और श्रद्धांजलि दी। अपने सन्देश में सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि रोहतक की शान, रणजी (657 विकेट) व प्रथम श्रेणी (750 विकेट) क्रिकेट में सर्वाधिक विकेट लेने वाले रिकॉर्ड होल्डर श्री राजेन्दर गोयल जी के निधन से मैं व्यक्तिगत रूप से आहत हूँ, क्योंकि बचपन में मैंने भी कुछ महीनों के लिये उनसे कोचिंग ली थी। एक कोच और पिता में कोई फर्क नहीं होता, राजेन्द्र गोयल जी पिता सामान थे और उनसे परिवार जैसा रिश्ता था। देश के सबसे बड़े क्रिकेटरों में उनका नाम शुमार था। उन्होंने इतने विकेट लिए कि उनके रिकॉर्ड के आस-पास भी कोई नहीं है। 24 साल तक घरेलू क्रिकेट खेलने वाले राजेन्द्र गोयल कोई न कोई खेल राजनीति के कारण वे भारतीय टीम में खेलने से वंचित रहे। उनके निधन का समाचार मन को गहरी पीड़ा दे गया।