चंडीगढ़। केंद्र सरकार द्वारा आए दिन पैट्रोल व डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी किए जाने से गुस्साए हरियाणा रोडवेज के कर्मचारियों ने 26 जून को धरना देने का ऐलान किया है। ऑल इंडिया रोड ट्रांसपोर्ट वर्कर्स फैडरेशन के आहवान पर आयोजित होने वाले इस प्रदर्शन में सभी जिलों के डिपू कर्मचारी भाग लेंगे।
हरियाणा रोडवेज कर्मचारी तालमेल कमेटी के वरिष्ठ नेता इन्द्र सिंह बधाना, दलबीर किरमारा, अनूप सहरावत, सरबत सिंह पूनिया, आजाद सिंह गिल व दिनेश हुड्डा ने रविवार को जारी एक सयुंक्त ब्यान में कहा पैट्रोल व डीजल के दामों में बेशुमार बढ़ोतरी से देश में परिवहन उद्योग तबाह होने के कगार पर है व आम आदमी पर महंगाई की मार पड़ेगी। उन्होंने तेल के दाम बढ़ाने पर केन्द्र सरकार की कड़े शब्दों में आलोचना करते हुए तुरन्त बढ़ी हुई कीमतें वापस लेने की मांग की। उन्होंने कहा अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमत में भारी कटौती का फायदा सरकार द्वारा परिवहन व्यवसाय से जुड़े लोगों व किसानों को देने की बजाय तेल कम्पनियों को देने व सरकार अपनी तिजौरी भरने में जुटी हुई हैं। कच्चे तेल की कीमत लगातार कम होने से आम जनता को डीजल व पैट्रोल क्रमश 22 व 27 रूपये प्रति लीटर मिलने की बजाय 73 व 80 रूपये मिल रहा है। उन्होंने कहा पिछले 14 दिनों में पैट्रोल के दाम थोक में 8 रूपये व डीजल के दाम 9 रूपये बढने से जहां आम आदमी पर महंगाई की मार पड़ रही हैं वही पर किसानों को खेती करना घाटे का सौदा हो गई है।
कर्मचारी नेताओं ने कहा डीजल की कीमतों में उछाल से अकेले हरियाणा रोड़वेज विभाग को एक महिना में लगभग 100 करोड़ रुपए का घाटा होने की संभावना है। उन्होंने कहा आल इंडिया रोड ट्रांसपोर्ट वर्कर्स फैडरेशन के आह्वान पर रोड़वेज कर्मचारी तेल की कीमतों में बढ़ौतरी के विरोध में 26 जून को सभी डिपूओं में प्रदर्शन करेंगे व महाप्रबंधकों के माध्यम से पेट्रोलियम मंत्री को ज्ञापन भेजा जाएगा।