हिसार। जिले की बालसमंद अनाज मंडी में भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधानसभा चुनाव में आदमपुर से प्रत्याशी रही सोनाली सिंह फोगाट ने शुक्रवार को बालसमंद अनाज मंडी में हिसार मार्केट कमेटी के सचिव की थप्पड़ व जूतों से पिटाई कर डाली। भाजपा नेत्री के इस कदम की जहां विपक्ष के नेताओं ने कड़ी आलोचना की है वहीं भाजपा नेत्री ने आरोप लगाया है कि उक्त सचिव ने उनके सामने महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी की थी, जिसे वे बर्दाश्त नहीं कर पाई। सचिव का कहना है कि भाजपा नेत्री बालसमंद अनाज मंडी में किसी शैड निर्माण के लिए उन पर दबाव डाल रही थी।
(SUBHEAD)
शुक्रवार दोपहर को अचानक भाजपा नेत्री का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा, जिसमें वो उक्त सचिव को थप्पड़ मार रही है। दूसरा वीडियो वायरल हुआ, जिसमें मौके पर पुलिस भी है और भाजपा नेत्री सचिव को अपने सैंडिल से पीट रही है। दोनों वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गये। हर तरफ भाजपा नेत्री के इस कदम की चर्चा रही और हर कोई् यह जानने को उत्सुक रहा कि आखिर ऐसा क्यों हुआ कि एक सत्तापक्ष की नेत्री को सरकार के अधिकारी पर हाथ उठाना पड़ा।
इस संबंध में बात किये जाने पर सोनाली सिंह ने कहा कि बालसमंद अनाज मंडी में शैड न होने के कारण किसानों को परेशानी हो रही थी। इस संबंध में उन्होंने सचिव से बात की तो सचिव ने कहा कि उनके पास बजट भी है और आज साइट चैक करके इस दिशा में काम करते है। इस वे अपने कार्यकर्ताओं के साथ बालसमंद अनाज मंडी पहुंच गई। वहां पर सचिव ने मुझे व हमारी पार्टी की महिलाओं के बारे में अभद्र टिप्पणी करते हुए कहा कि ऐसी सुंदर महिलाओं को ऐसे नहीं घूमना चाहिए, बताओ आपको क्या चाहिए। इस टिप्प्णी के बाद वे अपना आपा खो बैठी क्योंकि वे महिलाओं के अपमान को बर्दाश्त नहीं कर पाई।
उधर, सचिव सुलतान सिंह का कहना है शैड सहित अन्य काम नियमानुसार होता है लेकिन भाजपा नेत्री पर दबाव डाल रही थी। उन्होेंने नियमानुसार काम का हवाला दिया तो भाजपा नेत्री ने उन पर हमला कर दिया।
विपक्ष ने भाजपा नेत्री के इस व्यवहार की कड़ी निंदा की है। कांग्रेस केन्द्रीय कार्यसमिति सदस्य एवं विधायक कुलदीप बिश्नोई ने भाजपा नेत्री द्वारा सरकारी अफसर की पिटाई करने की घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि किसी भी सरकारी अफसर पर हाथ उठाना कानूनी अपराध है। प्रशासन तुरंत भाजपा नेत्री पर एफआईआर दर्ज करके सत्ता के नशे में गुंडागर्दी करने वाले ऐसे लोगों को गिरफ्तार करे। अफसरों को घबराने की जरूरत नहीं, ऐसी गुंडागर्दी नहीं चलने दी जाएगी।
प्रदेश व्यापार मंडल के अध्यक्ष बजरंग दास गर्ग एवं जिला परिषद के पूर्व चेयरमैन बृजलाल बहबलपुरिया ने भी इस प्रकरण की निंदा की है। उन्होंने कहा कि किसी को कानून हाथ में नहीं लेना चाहिए। भाजपा सरकार को चाहिए कि वे अपने नेताओं की लगाम खींचे और उन पर केस दर्ज करके उन्हें गिरफ्तार करें।