हिसार, 19 मई । जिले के उकलाना कस्बे में रेलवे पुलिस चौकी प्रभारी मनीष कुमार की गोली मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है जबकि उसके अन्य साथियों की तलाश की जा रही है। इस मामले की जाँच के लिए 6 टीमें बनाई गई है। चौकी प्रभारी जयपुर जिले के गांव के रहने वाले थे, उसके शव का नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर उनके पैतृक गांव के लिए रवाना कर दिया गया। उनके शव को रवाना करने से पहले आरपीएफ थाना लाया गया, जहां पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों ने उन्हें सलामी दी श्रद्धांजलि अर्पित की। रेलवे चौकी प्रभारी मनीष कुमार शर्मा की गत रात्रि एक युवक ने उन्हीं के सर्विस रिवाल्वर से गोली मारकर उस समय हत्या कर दी थी, जब वे उकलाना रेलवे स्टेशन से कुछ दूरी पर स्थित धक्का बस्ती के पास गश्त पर थे।
बता दें कि सोमवार देर शाम उकलाना रेलवे स्टेशन से 100 मीटर दूर ट्रैक पर कुछ युवक नशा कर रहे थे. जिसपर आरपीएफ चौकी प्रभारी मनीष कुमार शर्मा ने उन्हें नशा करने से रोका।जिनसे पूछताछ करने पर उन युवकों ने उनसे बहस करनी शुरू कर दी और एक युवक ने तैश में आकर उनकी सर्विस रिवाल्वर छीनकर उन्हें गोली मार दी, जो उनके पेट में लगी। गंभीर हालत में उन्हें हिसार लाया जा रहा था कि बरवाला के पास उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलने पर हिसार के पुलिस अधीक्षक गंगाराम पूनिया भी मौके पर पहुंचे और घटना का जायजा लिया। पुलिस ने इस मामले में मोठ लुहारी निवासी संदीप को गिरफतार कर लिया है। बताया जा रहा है कि उक्त संदीप पर पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज है और इस समय वह जमानत पर आया हुआ था। हिसार के एसपी गंगाराम पूनिया का कहना है कि मामले की जांच जीआरपी पुलिस कर रही है। उन्होंने बताया की मामले में मुख्य आरोपी जेल में कैदी है. जो कुछ समय पहले ही 42 दिन के पैरोल पर बाहर आया था. एसपी का कहना है कि मामले की जांच के लिए बरवाला डीएसपी की निगरानी में छह टीमें गठित कर दी गई हैं.