भिवानी, 18 मई। चरखी दादरी के गांव कादमा निवासी आईटीआई के छात्र ने संदिग्ध हालातों में जहर खाकर सुसाइड कर लिया। मृतक छात्र रविवार दोपहर से घर से गायब था और आज सोमवार को उसका शव गांव के बाहर सूखे पड़े जोहड़ में मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया। छात्र के पैरों पर चोट के भी निशान हैं। हालांकि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गांव कादमा निवासी 22 वर्षीय संजय कुमार पास के गांव बेरला की प्राइवेट आईटीआई में इलैक्ट्रिशियन का प्रथम वर्ष का छात्र था। रविवार दोपहर वह घर से संदिग्ध हालातों में गायब हो गया और आज सोमवार सुबह ग्रामीणों ने उसका शव गांव के बाहर बने सूखे जोहड़ में पड़ा मिला। सूचना मिलने पर बाढड़ा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया। इस दौरान पुलिस ने जांच में पाया कि छात्र के पैरों पर चोट के निशान हैं और जहर की शीशियां पास ही पड़ी हुई थी।
परिजनों से पूछताछ के बाद शव को दादरी के सिविल अस्पताल लाया गया। परिजनों ने बताया कि संजय रविवार दोपहर से घर से गायब था। सुबह उसका शव गांव के बाहर जोहड़ में पड़ा मिला। वहीं पुलिस जांच अधिकारी एएसआई परमवीर ने बताया कि छात्र द्वारा जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या की है।जांच के दौरान पाया कि यह सुसाइड का मामला है। हालांकि पुलिस द्वारा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।