पंचकूला,17 मई : पंचकूला गौशाला ट्रस्ट एवं अग्रवाल हेल्पलाइन की ओर से एक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने किया। ट्रस्ट के प्रधान कुलभूषण गोयल ने ज्ञान चंद गुप्ता का स्वागत किया और इसके बाद गुप्ता ने रक्तदाताओं से मुलाकात की। गुप्ता ने उनका हौंसला बढ़ाते हुए कहा कि रक्त का कोई विकल्प नहीं है और इस संकट की कड़ी मेें ट्रस्ट द्वारा किये जा रहे कार्यों की जितनी सराहना की जाए, उतनी कम है। गुप्ता ने कहा कि आयोजक कुलभूषण गोयल, डॉ नरेश मित्तल, कुसुम गुप्ता भूपेंद्र गोयल, तेजपाल गुप्ता, हरीश गोयल सहित अन्य द्वारा लॉकडाउन के दौरान सराहनीय काम किये गये हैं। अब रक्त की कमी को पूरा करने में भी यह संगठन पीछे नहीं है।
कुलभूषण गोयल ने बताया कि शिविर में पवन सिंगला ने 50वीं, सुरेश चंद ने 31वीं, सोनू ने 20वीं रक्तदान किया।एडीजे नरेंद्र सूरा, डीएफओ पवन शर्मा, अंजू गोयल, रूबि बंसल सहित पुलिस कर्मचारियों, गायत्री परिवार के सदस्यों ने रक्त दिया। श्रीमाता मनसा देवी गौधाम में आयोजित इस रक्तदान शिविर के लिए लगभग 250 लोग रजिस्ट्रेशन करवाने पहुंचे, लेकिन कोरोना के चलते कड़े नियमों के चलते अधिकतर लोगों का रक्त नहीं लिया जा सका। 79 लोग रक्तदान के लिये पात्र पाये गये और 79 यूनिट रक्त एकत्रित हुआ। शिविर में पंचकूला वेलफेयर ट्रस्ट ब्लड बैंक टीम ने रक्त एकत्रित किया। गोयल ने कहा कि रक्तदान शिविर में शारीरिक दूरी, सैनिटाइजर से हाथ साफ करवाने, मास्क पहनने सहित अन्य नियमों का पूरी कड़ाई से पालन किया गया।