पंचकूला,17 मई : सन्त निरंकारी सत्संग भवन सैक्टर-9 में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, इस शिविर में 134 निरंकारी श्रद्वालुओं ने रक्तदान कर मानवता के इस महायज्ञ में योगदान दिया। रक्तदान शिविर का शुभारंभ पंचकूला पुलिस के एसीपी ओम प्रकाश व मुख्य संचालक सन्त निरंकारी सेवादल ओ.पी.निरंकारी ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर पुलिस के कोरोना वरियर्स को फूलों की माला व शाॅल देकर सम्मानित किया। इस बारे में एसीपी ओम प्रकाश ने कहा कि निरंकारी मिशन ने रक्तदान शिविर लगाया है। मानवता की सेवा के लिए कोरोना महामारी के दौरान यह एक अति सराहनीय पहल है। कोरोना वरियर्स को सम्मानित करके निरंकारी मिशन ने पुलिसकर्मियों का जो उत्साह बढ़ाया है, इस उत्साहवर्धन के लिए पुलिस विभाग भी निरंकारी मिशन का शुक्रगुजार है।
मुख्य संचालक सन्त निरंकारी सेवादल ओ.पी.निरंकारी ने इस अवसर पर कहा कि सद्गुरू बाबा हरदेव सिंह जी महाराज ने 24 अप्रैल 1986 में रक्तदान शिविरों को आरंभ किया था। जिसके पीछे मानवमात्र की भलाई ही मूलमंत्र रहा। चूंकि रक्त की एक-एक बूंद बहुत ही कीमती होती है। बाबा जी का ध्यान था कि जिस प्रकार वैर- विरोध, ईष्र्या के कारण एक दूसरे से झगड़ा करके खून बहाते हैं। इसे नालियों में न बहाकर नाड़ियों में बहे, ऐसा प्रयास करना चाहिए। 1986 से ही निरंकारी मिशन प्रतिवर्ष रक्तदान शिविर निरंतर लगाता आ रहा है जिसमें 10 लाख से अधिक रक्तदान कर चुके हैं। मिशन द्वारा सफाई अभियान, वातावरण शुद्व करने के लिए वृक्षारोपण आदि भी करवाए जाते हैं। कोरोना की महामारी के दौरान राशन, कोरोना वरियर्स को पीपीई किट तथा जिस प्रकार से भी सरकार को सहायता चाहिए, उसमें सहयोग दिया जा रहा है।