जींद, 07 मई। हरियाणा के केंद्र बिंदू जींद को कोरोना संक्रमण के मामले में फिर जोरदार झटका लगा है, बुधवार देर रात गांव गांव घूमकर सब्जी बेचने वाले तीन और लोगो को कोरोना की पुष्टि हुई है। जिसके चलते कोरोना पॉजिटिव लोगों की संख्या बढक़र 14 हो गई है। जिसमें दो पॉजिटिव नेगेटिव हो चुके हैं। जबकि 12 पॉजिटिव मामले पिछले चार दिनों में आए हैं। गांव संगतपूरा में एक तथा छातर गांव में दो कोरोना संक्रमित व्यक्ति पाया गये है। तीनों कोरोना पॉजिटिव को बुधवार देर रात को ही एंबुलेंस के साथ स्वास्थ्य विभाग की टीम ने इनके गावों से लेकर रोहतक पीजीआई भेजा। जिला प्रशासन ने संगतपुरा व छातर गांव को सील कर दिया है।
इस मामले में जिलाधीश डॉ. आदित्य दहिया ने वीरवार को बताया कि इस क्षेत्र में कोरोना वायरस का और अधिक फैलाव न हो इसके लिए संगतपूरा व छातर गांवों को कन्टेनमैंट जोन घोषित कर दिया है। संगतपूरा गांव के आसपास के जाजवान, ढाण्डा खेड़ी, ईंटल कलां, ईंटल खुर्द, जुलानी, दरियावा जलालपूर कलां, जलालपूर खुर्द को बफर जोन घोषित किया गया है। इन क्षेत्रों के लिए जन स्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता संजय शर्मा को डयूटी मैजिस्टेट नियुक्त किया गया है। इसी प्रकार से छातर के आसपास के थुआ, डहौला तथा कुचराना कलां गांवों को बफर जोन में शामिल किया गया है। इन क्षेत्रों के लिए उचाना के तहसीलदार आर सी शर्मा को डयूटी मैजिस्टेट नियुक्त किया गया है, जो इन संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए आवश्यक सुविधाएं जुटाने का काम करेंगे। कंटनमेंट घोषित किए गए जोनों में किसी की एंट्री नहीं हो रही है। गांवों के सभी रास्तों पर पुलिस का पहरा है।