चंडीगढ़, 7 मई। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा है कि कोरोना महामारी के चलते लॉकडाउन को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा जरूरतमंद गरीब परिवारों को संकट की इस घड़ी में राशन उपलब्ध करवाने के लिए आरंभ की गई ‘प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना’ लोगों के लिए कारगर सिद्घ हुई है। सरकारी प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि योजना के तहत अंत्योदय अन्न योजना(एएवाई), गरीबी रेखा से नीचे जीवनयापन कर रहे तथा अन्य प्राथमिकता वाले परिवारों(ओपीएच) के लाभार्थियों को प्रति सदस्य प्रति माह पांच किलोग्राम गेहूं तथा एक किलोग्राम दाल प्रति परिवार आंबटित किया गया। अप्रैल माह में 98 प्रतिशत गेहूं तथा 93 प्रतिशत दाल वितरित की गई। इस प्रकार राज्य में इस योजना के तहत, उक्त तीनों श्रेणियों के लगभग 27 लाख परिवारों के एक करोड़ 20 लाख सदस्यों को 58062 मीट्रिक टन गेहूं तथा 2512 मीट्रिक टन दाल का वितरण किया गया और इस प्रकार राज्य सरकार ने जरूरतमंदों को लगभग 154 करोड़ रुपये का लाभ पहुंचाया।