चंडीगढ़, 01 मई। लॉकडाउन के कारण वित्तीय संकट का सामना कर रही हरियाणा सरकार ने तीन हजार करोड़ का कर्ज लिया है। इस कर्ज के माध्यम से प्रदेश को दोबारा पटरी पर लाने का प्रयास किया जाएगा।
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने गत दिवस सर्वदलीय बैठक के दौरान यह मुद्दा उठाया था। सर्वदलीय बैठक में नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा, इनेलो विधायक अभय चौटाला व अन्य नेताओं ने सरकार को कर्ज लेने के लिए अपनी सहमति दे दी थी।कोरोना काल में सरकार द्वारा कर्ज लिए जाने पर किसी तरह के राजनीतिक विवाद की संभावनाएं समाप्त होने के बाद प्रदेश सरकार ने शुक्रवार को तीन हजार करोड़ का कर्ज ले लिया है।
हरियाणा के गृह व स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने शुक्रवार को यहां कहा कि लॉकडाउन की वजह से अकेले हरियाणा नहीं बल्कि पूरे देश और दुनिया की अर्थव्यवस्था प्रभावित हुई है। ऐसे में सरकार को कुछ न कुछ कड़े फैसले करने होंगे। बेशक, इससे आम लोग प्रभावित भी हो सकते हैं। विपक्ष के आरोपों पर विज ने कहा, कांग्रेस तो हर मुद्दे पर विरोध करती है। उनका तो रोने का ही काम है।