पटौदी, 08 अक्तूबर ( न्यूज़ अपडेट इंडिया ) : सामाजिक बुराइयों को दूर करने में अब पंचायतें भी आगे आ रही हैं। पटौदी के ग्राम पलासोली में आज आयोजित पलासोली, लोकरा एवं भोकरका के लोगों ने सर्व सम्मति से सामाजिक बुराईयां दूर करने के लिए अनेक अभूतपूर्व निर्णय लिए। बने ¨सह यादव की अध्यक्षता में आयोजित इस पंचायत में जिला पार्षद भूपेंद्र पलासोली सहित मौजिज लोगों ने प्रस्ताव रखा कि विवाह तथा पार्टी आदि में बजाया जाने वाला डीजे ध्वनि प्रदूषण का मुख्य कारण बन रहा है। इसी प्रकार कुछ लोग शराब आदि बेचकर तो कुछ खुले में शराब पीकर एवं हुड़दंग कर माहौल को खराब करते हैं। इन पर रोक लगनी ही चाहिए ताकि हम एक सभ्य समाज का निर्माण कर सकें। पंचायत ने विचार विमर्श कर सर्व सम्मति से निर्णय लिया कि तीनों गांवों में डीजी न बजाया जाए तथा कोई भी व्यक्ति अवैध शराब बेचता पकड़ा जाए अथवा खुले में शराब पीता पकड़ा जाए तो पंचायत उस पर जुर्माना करे तथा सामाजिक रूप से उसे शर्मिंदा करें। इस अवसर पर जिला पार्षद भूपेन्द्र पलासोली, पलासोली के सरपंच पति हेमंत यादव, लोकरा सरपंच पंकज यादव, भोकरका सरपंच के श्वसुर जगमाल नंबरदार, पंचायत समिति सदस्य मनोज कुमार सहित तीनों गांवों के अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।