चंडीगढ़। हरियाणा में हिंसा की छिटपुट घटनाओं के बीच विधानसभा चुनाव जारी है। शाम तीन बजे तक राज्य में औसतन 49.13 प्रतिशत मतदाताओं ने ही अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। मतदान की रफ्तार धीमी होने के कारण यह साफ है कि निर्वाचन आयोग द्वारा तय किया गया 75 प्रतिशत का लक्ष्य इस बार भी पूरा नहीं होगा।
रोहतक जिले के महम में आज सुबह हिंसा की घटनाएं हो रही हैं। पूर्व विधायक बलराज कुंडू व उनके पीए के कपड़े फाडऩे के बाद गांव भराण में बलराज कुंडू के भाई शिवराज कुंडू जब बूथ पर गए तो कुछ युवकों ने पुलिस व पैरामिल्ट्री की मौजूदगी में उन पर हमला बोल दिया। पुलिस मूकदर्शक बनकर सारा घटनाक्रम देखती रही।
इस बीच यहां कुंडू के समर्थकों व कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच खूनी संघर्ष हुआ। जिसमें करीब दो दर्जन लोग घायल हो गए। मौके पर मौजूद दबंगों ने शिवराज कुंडू को बंधक बना लिया। हंगामा बढ़ते देख अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर बुलाया गया। इस हंगामे के कारण करीब आधे घंटे तक मतदान प्रक्रिया बाधित हुई।
प्रदेश में तीन बजे तक 49.3 प्रतिशत मतदान, रोहतक के महम में पूर्व विधायक के भाई को बंधक बनाया, महिलाओं को सडक़ों पर घसीटा गया
महम विधानसभा हलके की ही एक वीडिया वायरल हो रही है जिसमें कुछ महिलाएं एक महिला को गली में घसीटते हुए ले जा रही हैं। इस बीच नूंह में तीन जगहों पर पथराव व मारपीट की खबर है। नूंह में कांग्रेस व भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच हुई पथरबाजी की घटना में आधा दर्जन से अधिक लोगों के घायल होने का समाचार है। घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इस घटना के बाद नूंह में अंतिम पैरा मिल्ट्री फोर्स को तैनात कर दिया गया है।
इस बीच निर्वाचन आयोग द्वारा तीन बजे तक हुए मतदान के संबंध में जारी रिपोर्ट के अनुसार राज्य में औसतन 49.13 फीसदी मतदान हुआ है। अंबाला जिले में 49.39, भिवानी में 50.31, चरखी दादरी में 47.8, फरीदाबाद जिले में 41.74 प्रतिशत, फतेहाबाद जिले में 52.46 प्रतिशत, गुरुग्राम में 38.61 प्रतिशत, हिसार जिले में 51.25 प्रतिशत, झज्जर जिले में 49.68, जींद जिले में 53.94, कैथल जिले में 50.58, करनाल जिले में 49.17, कुरुक्षेत्र जिले में 52.13, महेंद्रगढ़ जिले में 53.67, नूंह जिले में 56.59, पलवल जिले में 56.02, पंचकूला जिले में 42.60, पानीपत जिले में 49.40, रेवाड़ी जिले में 50.22, रोहतक जिले में 50.62, सिरसा जिले में 48.78, सोनीपत जिले में 45.86, यमुनानगर जिले में 56.79 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है।