निखिल
गुडग़ांव। कांग्रेस के जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर ने कहा कि यह गुडग़ांव की जनता के लिए निराशा की बात है कि एक बार फिर से सीएम ने गुडग़ांव आकर दूसरे जिलों के बस अड्डों को तो गिनवाया, मगर गुडग़ांव का बस अड्डा बनाने की चर्चा तक नहीं की। मुख्यमंत्री ने पानीपत समेत 34 शहरों में 492 करोड़ रुपए खर्च करके बस अड्डे बनाए जाने की बात कही, लेकिन हरियाणा में सबसे अधिक राजस्व देने वाले गुडग़ांव के बस अड्डे को ठंडे बस्ते में ही रखा। मुख्यमंत्री शनिवार को गुडग़ांव में सिटी बसों के संचालन की शुरुआत करने पहुंचे थे।
-गुडग़ांव का बस अड्डा बनाने को लेकर कोई बात नहीं की
-गुडग़ांव का मुख्य बस अड्डा बनाने को लेकर सरकार की नीयत में खोट
-हर बार परिवहन प्रणाली के कार्यों से बाहर ही रखा जाता है बस अड्डा
पंकज डावर ने कटाक्ष करते हुए कहा कि लगता है गुडग़ांव मुख्यमंत्री की नजर में शहर नहीं, बल्कि सिर्फ एक एटीएम मशीन है। जब पैसा चाहिए तो गुडग़ांव याद आता है, जब सुविधाएं देनी हों तो पानीपत, रोहतक, हिसार, करनाल सब याद आ जाते हैं, बस गुडग़ांव ही भूल जाता है। उन्होंने कहा कि सीएम साहब गुडग़ांव आते हैं, फीता काटते हैं, ताली बजवाते हैं, फोटो खिंचवाते हैं और चले जाते हैं। लेकिन जाते-जाते गुडग़ांव के लोगों के हिस्से की घोषणा दूसरे जिलों के नाम कर जाते हैं। पंकज डावर ने कहा कि यह कोई पहली बार नहीं है। हर बार यही कहानी दोहराई जाती है।
उन्होंने कहा कि गुडग़ांव का बस अड्डा परिसर देखकर ऐसा लगता है जैसे किसी खुले मैदान में बसें रोकने की व्यवस्था हो। जो गुडग़ांव शहर प्रदेश को सबसे ज्यादा राजस्व देता है, जो शहर हरियाणा की पहचान है, उसी शहर के लोगों को बस अड्डा तक नसीब नहीं है। यह विडंबना नहीं तो और क्या है। पंकज डावर ने कहा कि हर चुनाव में बस अड्डे का वादा किया जाता है, हर बार नक्शा दिखाया जाता है, हर बार जमीन देखी जाती है, लेकिन चुनाव खत्म होते ही फाइल फिर से ठंडे बस्ते में चली जाती है। डावर ने कहा कि गुडग़ांव के लोग अब इस खेल को समझ चुके हैं। उन्हें अब भाषण नहीं, बस अड्डा चाहिए। उन्हें अब गिनती नहीं, काम चाहिए। मुख्यमंत्री जब अगली बार गुडग़ांव आएं तो दूसरे जिलों की गिनती सुनाने की बजाय यह बताएं कि गुडग़ांव का बस अड्डा कब बनेगा, कहां बनेगा और कितने दिनों में बनेगा। गुडग़ांव के लोगों को बस अड्डा मिलना उनका हक है, कोई एहसान नहीं।