निखिल
गुरुग्राम। शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर साइबर ठगी करने वाले साइबर अपराधियों को बैंक खाता उपलब्ध कराने वाले एक आरोपी को साइबर पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
-ठगी की रकम में से पांच लाख रुपये आए थे आरोपी के खाते में
-1.5 प्रतिशत कमीशन और आठ हजार रुपये में बेचा था अपना बैंक खाता
21 मार्च 2026 को एक व्यक्ति ने थाना साइबर अपराध पूर्व, गुरुग्राम में शिकायत के माध्यम से बताया कि साइबर ठगों ने इसे शेयर मार्केट में निवेश कर अधिक मुनाफा कमाने का झांसा देकर इससे लगभग एक करोड़ नौ लाख 70 हजार रुपये की ठगी कर ली। शिकायत पर थाना साइबर अपराध पूर्व, गुरुग्राम में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया। पुलिस टीम ने इस मामले में एक आरोपी को कानपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान विकल्प शुक्ला (उम्र-29 वर्ष) निवासी कानपुर उत्तर-प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया कि शिकायतकर्ता से ठगी गई राशि में से पांच लाख रुपये आरोपी विकल्प शुक्ला के बैंक खाते में आए थे। आरोपी ने अपना बैंक खाता 1.5 प्रतिशत कमीशन व 8000 में एक अन्य व्यक्ति को उपलब्ध करवाया था। इस केस में अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।