सिरसा। महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने और कैंसर की समय रहते पहचान के उद्देश्य से यूथ वीरांगनाओं संस्था की ओर से शाह सतनाम जी स्पेशलिटी हॉस्पिटल सिरसा में कैंसर जागरुकता एवं निशुल्क स्वास्थ्य जांच कैंप लगाया गया। कैंप में करीब 90 महिलाओं ने स्वास्थ्य जांच और चिकित्सकीय परामर्श का लाभ उठाया। इनमें 39 महिलाओं के फुल बॉडी चेकअप समेत जरूरी मेडिकल टेस्ट निशुल्क किए गए। जरूरतमंद महिलाओं को दवाइयां भी उपलब्ध करवाई गईं।
-यूथ वीरांगनाओं ने लगाया जागरुकता व निशुल्क स्वास्थ्य जांच कैंप
-शिविर में महिलाओं को बताए शुरुआती लक्षण
-शाह सतनाम जी स्पेशलिटी हॉस्पिटल में 90 महिलाओं ने कराई जांच
कैंप में विशेषज्ञ डा. दृष्टि (एमबीबीएस) व अन्य डॉक्टर एवं मेडिकल टीम ने महिलाओं को कैंसर के प्रकार, शुरुआती लक्षण, बचाव और समय पर जांच के महत्व के बारे में जानकारी दी। खासतौर पर ब्रेस्ट कैंसर और सर्वाइकल कैंसर को लेकर महिलाओं को जागरूक किया गया। चिकित्सकों ने बताया कि ब्रेस्ट में बिना दर्द वाली गांठ, निप्पल से असामान्य स्राव या खून आना, त्वचा में बदलाव, त्वचा का अंदर की ओर धंसना अथवा बगल में गांठ जैसे लक्षण दिखाई देने पर इन्हें नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। ऐसे लक्षण मिलने पर तुरंत चिकित्सीय सलाह लेने की जरूरत है। महिलाओं को नियमित स्वास्थ्य जांच, ब्रेस्ट सेल्फ-अवेयरनेस, चिकित्सीय सलाह के अनुसार मैमोग्राफी, संतुलित खानपान और नियमित व्यायाम के प्रति भी जागरूक किया गया। साथ ही तंबाकू से दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई।
परिवार की जिम्मेदारियों के बीच स्वास्थ्य न भूलें
यूथ वीरांगनाओं ने कहा कि महिलाएं अक्सर परिवार की जिम्मेदारियों को प्राथमिकता देते हुए अपने स्वास्थ्य की अनदेखी कर देती हैं। कैंसर का समय रहते पता चलने पर उपचार की संभावनाएं बेहतर हो सकती हैं। ऐसे में नियमित जांच और बीमारी के शुरूआती लक्षणों को लेकर जागरूक रहना बेहद जरूरी है। संस्था की ओर से महिलाओं को संदेश दिया गया कि शर्माना नहीं, जांच करवानी है। अपने लिए, अपने परिवार के लिए। संस्था ने कहा कि स्वस्थ महिला ही स्वस्थ परिवार और स्वस्थ समाज की आधारशिला है। यूथ वीरांगनाएं शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य जागरूकता और सामाजिक उत्थान के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रही हैं। कैंप में सरोज, मीनाक्षी गर्ग, नीलम, मधु, नीरू बंसल, रीना, पूजा, आशु, जसविंदर कौर, सोनाक्षी सहित अन्य यूथ वीरांगनाएं मौजूद रहीं और आयोजन में सक्रिय सहयोग किया।