निखिल
गुरुग्राम। गांव सरहौल में बंजारा चौपाल का पुनर्निर्माण पूरा होने के बाद वार्ड-2 की पार्षद ज्योत्सना विपिन यादव द्वारा उसे ग्रामीणों को समर्पित किया गया। इस पहल से गांव के सर्वसमाज के लोगों को सामाजिक, सांस्कृतिक एवं पारिवारिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।
-बंजारा चौपाल केवल एक भवन नहीं, बल्कि गांव की सामाजिक एकता की विरासत
-पुनर्निर्माण के बाद अब चौपाल का गांव के सभी वर्गों को मिलेगा लाभ
इस अवसर पर पार्षद ज्योत्सना विपिन यादव ने कहा कि वीर योद्धा बाबा लख्खी शाह बंजारा जी का जीवन अदम्य साहस, त्याग, बलिदान और मानवता के प्रति समर्पण का प्रतीक है। वे केवल बंजारा समाज ही नहीं, बल्कि संपूर्ण देश की गौरवशाली विरासत हैं। गुरु तेग बहादुर जी की शहादत के पश्चात उनके पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार करने के लिए बाबा लख्खी शाह बंजारा जी ने अपने घर को अग्नि के हवाले कर दिया था। उनका यह अतुलनीय साहस और बलिदान सदैव देशवासियों को प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने कहा कि बंजारा चौपाल केवल एक भवन नहीं, बल्कि गांव की सामाजिक एकता, आपसी भाईचारे, संस्कृति और साझा विरासत का प्रतीक है।
इसके पुनर्निर्माण से गांव के सभी वर्गों को अपने सामाजिक एवं सामुदायिक कार्यक्रम आयोजित करने में सुविधा मिलेगी। हमारा प्रयास है कि विकास कार्यों का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचे और गांव की मूलभूत सुविधाएं निरंतर बेहतर हों। उन्होंने इस अवसर पर बाबा लख्खी शाह बंजारा जी को नमन करते हुए कहा कि उनकी गौरवशाली विरासत और आदर्शों को आने वाली पीढिय़ों तक पहुंचाना हम सभी का दायित्व है। इस अवसर पर गांव सरहौल से पूर्व सरपंच नरेश यादव, प्रदीप नंबरदार, उमराव राठौर, कृष्ण यादव, फकीरचंद राठौर, पवन राठौर, राकेश राठौर सहित सर्वसमाज के गणमान्य व्यक्ति एवं माताएं-बहनें उपस्थित रहीं।