निखिल
सिरसा। डेरा सच्चा सौदा के संस्थापक बेपरवाह साईं शाह मस्ताना जी महाराज का 135वां पावन अवतार दिवस मंगलवार को एमएसजी अवतार महोत्सव भंडारे के रूप में श्रद्धा, उल्लास और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर शाह सतनाम-शाह मस्ताना जी धाम डेरा सच्चा सौदा सिरसा में देश-विदेश से बड़ी तादाद में साध-संगत पहुंची।
-भंडारे की खुशी में 135 जरूरतमंदों को बांटे कंबल
-बेपरवाह साईं शाह मस्ताना जी महाराज के जीवन के प्रेरक प्रसंग से रूबरू हुई संगत
गुरु भक्ति के रंग में रंगे श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और श्रद्धाभाव से पावन भंडारे में शिरकत की। इस दौरान जहां भजनवाणी के माध्यम से गुरु महिमा का गुणगान हुआ, वहीं मानवता भलाई कार्यों के जरिए जरूरतमंदों की मदद कर खुशियां सांझा की गईं। इस पावन अवसर पर पूज्य गुरु संत डॉ. गुरमीत राम रहीम सिंह जी इन्सां ने साध-संगत के नाम अपना पावन संदेश भेजा, जिसे उपस्थित साध-संगत को पढक़र सुनाया गया। संदेश में पूज्य गुरु जी ने फरमाया कि मालिक सबको तंदरुस्ती और ताजगी दें। सबकी जायज मांग मालिक जल्द से जल्द पूरी कर घरों में खुशियां व बरकत दे। पूज्य गुरु जी ने पावन भंडारे की लाखों करोड़ों बार बधाई देते हुए साध-संगत को आशीर्वाद दिया।
पूज्य गुरु जी का संदेश सुनकर साध-संगत में खुशी की लहर दौड़ गई। इसके पश्चात सभी ने धन-धन सतगुरु तेरा ही आसरा का इलाही नारा लगाकर पूज्य गुरु जी को पावन एमएसजी अवतार दिवस की बधाई दी। भंडारे की खुशी में डेरा सच्चा सौदा की क्लाथ बैंक मुहिम के तहत 135 जरूरतमंदों को सर्दी से बचाव के लिए कंबल वितरित किए गए। कंबल पाकर जरूरतमंदों के चेहरों पर खुशी दिखाई दी और उन्होंने इस नेक कार्य के लिए डेरा सच्चा सौदा का आभार जताया। भजनवाणी के माध्यम से गुरु महिमा का गुणगान हुआ। इस अवसर पर पूज्य गुरु जी ने सर्वप्रथम बेपरवाह सच्चे दाता रहबर साईं शाह मस्ताना जी महाराज के पावन एमएसजी अवतार दिवस की अरबों-खरबों बार बधाई दी। पूज्य गुरु जी ने सभी के लिए खुशियों की कामना करते हुए फरमाया कि मालिक सबके जन्मों-जन्मों के कर्म काटें और संचित कर्मों को भी हलका करें।
इसके लिए साईं जी के पावन चरणों में प्रार्थना की। साथ ही पूज्य गुरु जी ने श्री गुरु नानक देव जी के पावन प्रकाश दिवस गुरुपर्व की भी साध-संगत को बधाई दी। पूज्य गुरु जी ने फरमाया कि सच्चा सौदा की शुरूआत कैसे हुई और इसके संस्थापक साईं शाह मस्ताना जी महाराज का पावन जीवन किस तरह मानवता की सेवा और परमात्मा की तलाश को समर्पित रहा। साईं शाह मस्ताना जी महाराज का अवतार बिलोचिस्तान के गांव कोटड़ा, तहसील गंधेय में माता तुलसा बाई जी और पिता पिला मल जी के घर हुआ। बचपन से ही उनके व्यक्तित्व में ऐसे गुण दिखाई देने लगे थे, जो उन्हें दूसरों से अलग बनाते थे।