पंचकूला:- पंचकूला में आयोजित ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ चौपाल कार्यक्रम के दौरान संयुक्त प्रेस वार्ता में 'वोट बचाओ देश बचाओ' अभियान के जिला प्रभारी शमशेर गोगी , पंचकूला के विधायक चंद्रमोहन, कालका के पूर्व विधायक प्रदीप चौधरी, जिला कांग्रेस अध्यक्ष संजय चौहान,एवं हरियाणा महिला कांग्रेस की पूर्व अध्यक्षा सुधा भारद्वाज ने लोकतंत्र, चुनावी पारदर्शिता और जनता के मताधिकार से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को प्रमुखता से उठाया।
लोकतंत्र की रक्षा और मताधिकार की सुरक्षा के लिए कांग्रेस का जन-जन तक पहुंचने का संकल्प : सुधा भारद्वाज
4 से 25 नवंबर तक गांव-गांव, घर-घर चलेगा ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ जनसंपर्क अभियान, जनता को चुनावी पारदर्शिता और वोट की ताकत के प्रति किया जाएगा जागरूक : शमशेर सिंह गोगी
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा केवल राजनीतिक दलों की नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।
वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री सुधा भारद्वाज ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की रक्षा और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है। वोट केवल सरकार चुनने का माध्यम नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक की आवाज और लोकतांत्रिक अधिकार का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है तथा इस उद्देश्य को लेकर जनता के बीच लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर लोगों को उनके वोट के महत्व के प्रति जागरूक करें।
जिला प्रभारी शमशेर सिंह गोगी ने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के निर्देशानुसार 4 से 25 नवंबर तक प्रदेशभर में ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत कांग्रेस कार्यकर्ता गांव-गांव, घर-घर जाकर आमजन से सीधा संवाद करेंगे और चुनावी पारदर्शिता, मताधिकार की सुरक्षा तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं की मजबूती से जुड़े मुद्दों पर लोगों को जागरूक करेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य इस अभियान को जन आंदोलन का स्वरूप देना है, ताकि लोकतंत्र की रक्षा की आवाज समाज के हर वर्ग तक पहुंचे।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी का संकल्प है कि प्रदेश के प्रत्येक गांव और प्रत्येक बूथ तक पहुंचकर जनता को जागरूक किया जाएगा। हर नागरिक की आवाज को बुलंद करते हुए वोट की ताकत और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखा जाएगा।
इस अवसर पर पंचकूला से ब्लॉक अध्यक्ष अनिल मेहता , बरवाला से ब्लॉक अध्यक्ष विजेंद्र शर्मा , रणधीर राणा, अरुण मादरा, रजनीश सिंगला, विनीत ठकराल, कांग्रेस पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।