चंडीगढ़, 3 नवंबर। जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने मंगलवार को सिविल सचिवालय स्थित अपने कार्यालय में जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, हरियाणा की पुस्तिका ‘जल संजीवनी’ के द्वितीय संस्करण का विमोचन किया। इस अवसर पर उन्होंने पुस्तिका के प्रकाशन के लिए विभाग को बधाई देते हुए कहा कि इसमें विभाग की विभिन्न योजनाओं, उपलब्धियों और जनहित में किए जा रहे कार्यों को बेहतर ढंग से संकलित किया गया है।
कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हर घर तक नल से स्वच्छ जल पहुंचाने के संकल्प को साकार करने की दिशा में हरियाणा सरकार निरंतर कार्य कर रही है। जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। हर घर में नल के माध्यम से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाना आमजन के जीवन से जुड़ा महत्वपूर्ण कार्य है और विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी इस जिम्मेदारी को पूरी प्रतिबद्धता के साथ निभा रहे हैं।
जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की योजनाओं, उपलब्धियों और जनहित के कार्यों को पुस्तिका में किया गया है संकलित
उन्होंने कहा कि ‘जल संजीवनी’ पुस्तिका विभाग के इन्हीं प्रयासों, योजनाओं और उपलब्धियों को एक स्थान पर प्रस्तुत करने का सार्थक प्रयास है। इस प्रकार के दस्तावेज विभाग के कार्यों और जनसेवा के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को सामने लाने के साथ-साथ उपलब्धियों को संजोने का भी माध्यम बनते हैं।
इस अवसर पर विभाग की अतिरिक्त सचिव रेणु सोगन, इंजीनियर-इन-चीफ देवेंद्र दहिया, जल एवं स्वच्छता सहायता संगठन के निदेशक राजीव बातिश, पूर्व आईजी दलबीर भारती तथा पूर्व चेयरमैन सतबीर वर्मा सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।