हरियाणा पुलिस ने तत्परता, सटीक तकनीकी विश्लेषण और विभिन्न जिलों में बेहतर कॉर्डिनेशन स्थापित करते हुए पानीपत से अपहृत 12 वर्षीय बच्चे को महज 11 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। अपहरणकर्ताओं ने डेढ़ करोड़ रुपये की फिरौती मांगने के साथ-साथ पुलिस को उत्तर प्रदेश की ओर गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन हरियाणा पुलिस की तकनीकी एवं फील्ड टीमों ने उनकी योजना को विफल करते हुए रोहतक से आरोपियों तक पहुंचने में सफलता हासिल की। इस साहसिक अभियान के दौरान एक महिला सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाश घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए पीजीआई रोहतक में भर्ती कराया गया है।