पंचकूला, 16 नवंबर। राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान (एनआईए), पंचकूला में एक माह का विशेष शारदीय विरेचन शिविर का सोमवार को शुभारंभ हुआ। संस्थान के डीन इंचार्ज प्रोफेसर सतीश गंधर्व, पंचकर्म विभाग की विभागाध्यक्ष प्रोफेसर प्रतिभा सी.के एवं डीएमएस डॉ. गौरव गर्ग ने दीप प्रज्वलन के साथ शिविर का शुभारंभ किया।
आयुष मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वाधान में संस्थान के कुलपति प्रोफेसर डॉ. संजीव शर्मा एवं डीन प्रोफेसर गुलाब चंद पमनानी के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में आयुर्वेद की प्राचीन शोधन चिकित्सा पद्धति के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य संरक्षण, दोष संतुलन और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया जाएगा।
एनआईए में एक माह का विशेष शारदीय विरेचन शिविर शुरू, 15 दिसंबर तक चलेगा
संस्थान के डीन इंचार्ज प्रोफेसर सतीश गंधर्व ने कहा कि आयुर्वेद केवल रोगों के उपचार तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वस्थ व्यक्ति के स्वास्थ्य की रक्षा और जीवनशैली को संतुलित बनाए रखने में महत्वपूर्ण है। आयुर्वेद में ऋतु के अनुसार शरीर की आवश्यकताओं को समझते हुए खानपान, दिनचर्या और चिकित्सा पद्धतियों को अपनाने पर विशेष जोर दिया गया है। संस्थान का प्रयास है कि आयुर्वेद की प्राचीन चिकित्सा परंपराओं को आधुनिक वैज्ञानिक दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ाया जाए तथा आमजन को इनका लाभ मिले। ऐसे शिविर आयुर्वेद के प्रति जागरूकता बढ़ाने और लोगों को स्वास्थ्य के प्रति सजग बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
पंचकर्म विभाग की विभागाध्यक्ष प्रोफेसर प्रतिभा सी.के. ने बताया कि शरद ऋतु में पित्त दोष के प्रबंधन के लिए विरेचन कर्म को विशेष महत्व दिया गया है। पंचकर्म की यह प्रमुख शोधन प्रक्रिया शरीर में बढ़े हुए पित्त दोष के शमन में सहायक मानी जाती है।
पंचकर्म विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अनुराग कुशल ने बताया कि शिविर 15 दिसंबर तक चलेगा। विरेचन शोधन शरीर में पित्त दोष का संतुलन, एसिडिटी, पाचन संबंधी समस्याएं, मुंहासे एवं अन्य त्वचा विकार, शरीर में जलन संबंधित विकारों में लाभकारी है।
पंचकर्म विभाग से असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. क्षितिजा ने बताया कि शिविर के दौरान आईपीडी फार्मेसी की ओर से पहले 15 पंजीकृत मरीजों को निःशुल्क औषधीय घृत वितरित किया जाएगा। शिविर का आयोजन कोट्टक्कल आर्यवैद्यशाला के सौजन्य से किया जा रहा है। विरेचन का स्त्री रोगों में आर्तव संबंधित विकारों में, बांझपन और हारर्मोलन असंतुलन को ठीक करने में विशेष महत्व है।
इस अवसर पर प्रोफेसर प्रह्लाद रघु, प्रोफेसर रितेश कुमार वर्मा, प्रोफेसर मंजू सैनी, एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. ऋचा मोहन, असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. मीमांसा, असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अपर्णा दिलीप तथा मेडिकल ऑफिसर डॉ. मानसी प्रमुख तौर पर मौजूद रहीं।