चंडीगढ़। मोहाली पुलिस ने एक फर्जी आईएएस अधिकारी को गिरफ्तार किया है, जो इलाके में भारत सरकार की प्लेट लगी हुई गाड़ी में घूमता था और कई लोगों को नौकरी का झांसा देकर ठगी कर चुका था। आरोपी की पहचान राजस्थान निवासी पवन कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज करके अगली कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार आरोपी बाहरी राज्यों से लोगों को नौकरी का झांसा देकर मोहाली लाता था और महंगे होटलों में ठहरता था। वह लोगों के सामने अपने प्रभावशाली संपर्कों का दिखावा करता था, जिससे कोई उस पर संदेह नहीं करता था। लेकिन इस बार, उसके व्यवहार ने उसे फंसा दिया। जिस होटल में वह ठहरा था, वहां वह कुछ लोगों को लेकर आया था। इसी दौरान किसी बात पर उसकी उनसे बहसबाजी हो गई। होटल के कर्मचारियों को उस पर शक हुआ, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर उसे हिरासत में ले लिया।
राजस्थान का युवक पंजाब में चला रहा था नौकरी देने का रैकेट
आरोपी दिव्यांग है और उसे चलने-फिरने में दिक्कत होती है। उसकी उम्र भी करीब 30 से 35 साल के बीच है। इसके अलावा, वह हिंदी भाषा में बातचीत करता है। जांच में यह भी सामने आया है कि जिस कार का वह इस्तेमाल कर रहा था, वह उसकी अपनी नहीं थी, बल्कि किसी अन्य व्यक्ति की थी। पुलिस ने सोमवार को आरोपी को अदालत में पेश कर दो दिन का रिमांड हासिल किया है।