चंडीगढ़ | पंजाब के राज्यपाल, यूटी चंडीगढ़ के प्रशासक एवं पंजाब रेड क्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष गुलाब चंद कटारिया ने आज ‘‘डॉक्टर आपके द्वार’’ योजना का शुभारंभ किया, जिसे पंजाब रेड क्रॉस सोसाइटी के तत्वावधान में शुरू किया गया है।
पहले चरण में, पंजाब राज भवन से चार पूरी तरह सुसज्जित मोबाइल मेडिकल यूनिट्स (एमएमयू) को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। ये यूनिट्स आवश्यक सभी चिकित्सा उपकरणों से लैस हैं और प्रत्येक यूनिट में डॉक्टर, फार्मासिस्ट, नर्स और चालक सहित आवश्यक स्टाफ उपलब्ध है। पहले चरण के तहत पटियाला, गुरदासपुर, बरनाला और जालंधर जिलों को ये मोबाइल मेडिकल यूनिट्स आवंटित की गई हैं, ताकि जरूरतमंदों को उनके घर के द्वार पर निःशुल्क चिकित्सा सेवाएं प्रदान की जा सकें।
एमएमयू में डॉक्टर, फार्मासिस्ट और नर्स शामिल , पहले चरण में पटियाला, जालंधर, गुरदासपुर और बरनाला को किया गया शामिल
इन मोबाइल मेडिकल यूनिट्स (एमएमयू) को पंजाब के लोगों को समर्पित करते हुए, राज्यपाल ने पंजाब में इस पहल की शुरुआत के लिए पंजाब रेड क्रॉस के प्रयासों की सराहना की, साथ ही मानवता की सेवा में योगदान के रूप में इस नवीन परियोजना के वित्तपोषण के लिए आरईसी फाउंडेशन के सहयोग की भी प्रशंसा की। पंजाब के राज्यपाल ने कहा कि यह पहल समाज के वंचित वर्गों के लिए अत्यंत लाभकारी होगी, विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं के लिए, जो गर्भावस्था के दौरान विभिन्न पोषण संबंधी कमी से जूझ रही हैं और स्वास्थ्य केंद्रों तक नहीं पहुंच पाती हैं।
ये मोबाइल मेडिकल यूनिट्स (एमएमयू) भारत सरकार की महारत्न कंपनी रूरल इलेक्ट्रिफिकेशन कॉरपोरेशन लिमिटेड (आरईसी) द्वारा सीएसआर फंडिंग के तहत पंजाब स्टेट रेड क्रॉस शाखा को प्रदान की गई हैं। इस अवसर पर राज्यपाल के अतिरिक्त मुख्य सचिव - के. शिव प्रसाद, राज्यपाल के प्रधान सचिव - विवेक प्रताप सिंह, पंजाब रेड क्रॉस के सचिव - शिवदुलार सिंह ढिल्लों और प्रदीप फेलोज़, कार्यकारी निदेशक, आरईसी भी उपस्थित थे।