नई दिल्ली | महाराष्ट्र की सभी 288 और झारखंड की 38 विधानसभा सीटों समेत 4 राज्यों की 15 विधानसभा और नांदेड़ लोकसभा सीट पर उपचुनाव की बुधवार को वोटिंग हुई। महाराष्ट्र में 65.11% वोटिंग हुई। यह पिछले विधानसभा चुनाव के मुकाबले करीब 4% ज्यादा है। 2019 के चुनाव में यहां 61.4% वोटिंग हुई थी।
झारखंड के दूसरे फेज में 68.45% मतदान; यूपी के विधानसभा उपचुनावों में हिंसा
झारखंड में दूसरे फेज में 68.45% वोट डाले गए। पहले फेज में यहां 66.65% वोटिंग हुई। 2019 के चुनाव में झारखंड में 67.04% वोटिंग हुई थी। यूपी में उपचुनाव की वोटिंग के दौरान हिंसा हुई। मुजफ्फरनगर जिले की मीरापुर सीट पर उपचुनाव की वोटिंग के दौरान भीड़ ने पुलिस पर पथराव किया। पुलिस को जान बचाकर भागना पड़ा। बाद में ककरौली थाने के इंस्पेक्टर राजीव शर्मा ने भीड़ को खदेड़ने के लिए वहां मौजूद महिलाओं पर रिवॉल्वर तान दी और कहा- यहां से चली जाओ, नहीं तो गोली मार दूंगा।