नई दिल्ली | वायु प्रदूषण बेहद खतरनाक लेवल पर पहुंचने के बाद दिल्ली गैस चैंबर बन गई है। रविवार शाम दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्श 441 दर्ज किया गया। यह बेहद गंभीर कैटेगरी में आता है। दिल्ली के 40 मॉनीटरिंग स्टेशनों में से 32 ने एयर क्वालिटी को ‘गंभीर कैटेगरी’ में रिकॉर्ड किया। यहां AQI 400 से ऊपर रहा।
कमीशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट (CAQM) ने 18 नवंबर 2024 की सुबह 8 बजे से दिल्ली-NCR में बदला हुआ ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) के चौथे फेज को लागू कर दिया है। इसके तहत सभी प्रतिबंध अगले आदेश तक जारी रहेंगे।
स्कूल ऑनलाइन, ट्रकों की एंट्री बैन, बच्चे-बुजुर्ग, सांस और दिल के मरीजों को सलाह- घर पर रहें
दिल्ली CM आतिशी ने कहा, 10वीं और 12वीं को छोड़ सभी क्लासेस ऑनलाइन होंगी। GRAP-IV के लागू होने साथ ही कई तरह के प्रतिबंध लगाए गए हैं। साथ ही बच्चों, बुजुर्गों, सांस और दिल के मरीजों, पुरानी बीमारियों से पीड़ितों को घर के अंदर रहने की सलाह दी गई है। GRAP-4 के नियम सख्ती से लागू करवाने के लिए दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय, दोपहर 12 बजे से सभी विभागों के साथ मीटिंग करेंगे।
2,200 से ज्यादा पुरानी गाड़ियां जब्त कीं
दिल्ली परिवहन विभाग ने 1 अक्टूबर से 15 नवंबर के बीच 2,234 ज्यादा गाड़ियां जब्त कीं, जो बेहद पुराने थे।राजधानी में बिगड़ती वायु गुणवत्ता को देखते हुए यह कदम उठाया गया। इनमें 10 साल से ज्यादा पुराने 260 डीजल चार पहिया, 1,156 पेट्रोल दोपहिया वाहन और 15 साल से ज्यादा पुराने 818 पेट्रोल तीन और चार पहिया वाहन शामिल हैं। यह कार्रवाई दिसंबर तक चलेगी। जब्त वाहनों की स्क्रैपिंग या बिक्री के लिए एक ऑनलाइन पोर्टल शुरू किया है।
दिल्ली में 37% प्रदूषण पराली जलाने की वजह से
सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड (CPCB) के मुताबिक, रविवार सुबह 7 बजे दिल्ली की 14 लोकेशन पर AQI 400+ दर्ज किया गया था। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली में 37% प्रदूषण दिल्ली और आसपास के राज्यों में पराली जलाने से हुआ है। वहीं, 12% पॉल्यूशन की वजह गाड़ियों से होने वाला कार्बन उत्सर्जन है। दिल्ली के अलावा हरियाणा के भी कई शहरों में AQI 400 के करीब पहुंच गया है। खतरनाक प्रदूषण को देखते हुए हरियाणा सरकार ने राज्य के सभी स्कूलों में 5वीं तक के बच्चों के लिए ऑनलाइन क्लासेस चलाने का फैसला किया है।