नई दिल्ली | मणिपुर के कुकी संगठन ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका लगाई है, जिसमें कुछ ऑडियो क्लीप का हवाला देते हुए दावा किया गया है कि CM बीरेन सिंह ने मणिपुर में हिंसा भड़काई है। सुप्रीम कोर्ट में शुक्रवार याचिका पर सुनवाई हुई। कोर्ट ने कहा कि लीक ऑडियो में आवाज मुख्यमंत्री बीरेन सिंह की ही है या नहीं, इसकी जांच होनी चाहिए। हम इस जांच के लिए तैयार है।
दरअसल, मणिपुर में हिंसा को लेकर सोशल मीडिया पर कुछ ऑडियो क्लीप वायरल हुए थे। इसमें बीरेन सिंह को कुकी लोगों पर बमबारी और हथियार लूटने की बात कहते सुना गया। कुकी ऑर्गेनाइजेशन फॉर ह्यूमन राइट ट्रस्ट ने मणिपुर CM के खिलाफ जांच की मांग की याचिका लगाई। उन्होंने कहा- मामले की जांच CBI, ED नहीं, बल्कि सुप्रीम कोर्ट से चयनित अधिकारियों वाली SIT से कराना चाहिए।
सुप्रीम कोर्ट बोला लीक ऑडियो में आवाज CM की ही है या नहीं, इसकी जांच को तैयार
सुप्रीम कोर्ट में CJI डीवाई चंद्रचूड़, जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस मनोज मिश्रा की बेंच ने याचिका स्वीकार करते हुए याचिकाकर्ता को ऑडियो क्लीप की जांच के लिए मटेरियल मुहैया कराने निर्देश दिए हैं।
सुप्रीम कोर्ट में कुकी ऑर्गेनाइजेशन की तरफ से वकील प्रशांत भूषण ने दलीलें रखीं। वहीं, राज्य सरकार की ओर से सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता और अटॉर्नी जनरल आर वेंकटरमणी ने जिरह में हिस्सा लिया।
- प्रशांत भूषण: ऑडियो क्लिप में विचलित करने वाली बाते हैं। इसमें CM बीरेन सिंह को हिंसा भड़काते और हमलावरों को बचाते हुए सुना जा सकता है। CM ने न केवल हिंसा को बढ़ावा दिया है, बल्कि हथियार और गोला-बारूद भी लूटने दिए हैं।
- SG तुषार मेहता: कुकी संगठन को मणिपुर हाईकोर्ट का रुख करना चाहिए था। अगर सुप्रीम कोर्ट इस याचिका पर विचार करता है, तो इससे हाईकोर्ट की गरिमा कम होगी
- AG आर वेंकटरमणी: राज्य सरकार को शांति बहाल करने के लिए छूट दी जानी चाहिए।
- SG तुषार मेहता: हमें जमीनी स्थिति का पता नहीं है। माननीय न्यायाधीश आइवरी टावर पर बैठे हैं।
- CJI चंद्रचूड़: हम आइवरी टावर पर नहीं हैं। अगर टावर पर होते तो याचिका खारिज कर देते। मणिपुर में क्या हो रहा है, इसके बारे में हम जानते हैं। संवैधानिक न्यायालय के रूप में हमारा कर्तव्य है कि हम चीजों को कालीन के नीचे दबाने से रोके।
- SG तुषार मेहता: मैं आइवरी टावर वाले बयान पर माफी मांगता हूं। इस शब्द का इस्तेमाल अपमानजनक अर्थ में नहीं किया गया था।
मणिपुर CM ने कहा था- मेरे खिलाफ साजिश हुई
मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने PTI को दिए इंटरव्यू में ऑडियो क्लीप मामले पर बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि कुछ लोग उनके पीछे पड़े हैं। एक साजिश चल रही है। मामला कोर्ट में विचाराधीन है। इस बारे में ज्यादा बात नहीं करना चाहिए। मामले को लेकर एक एफआईआर भी दर्ज हो चुकी है।