श्रीनगर | जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के अधवारी इलाके में गुरुवार को आतंकियों ने 2 विलेज डिफेंस गार्ड की हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि मुंजला धार जंगल में मवेशियों को चराने गए विलेज डिफेंस गार्ड को आतंकियों ने किडनैप किया। इसके बाद उन्हें एक साथ गोली मार दी गई।
घटना के बाद सेना के जवानों के साथ मिलकर आतंकियों को ढूंढने के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। फिलहाल इलाके में आतंकियों की कोई जानकारी नहीं मिली है। मृतकों की पहचान ओहली-कुंतवाड़ा के विलेज डिफेंस गार्ड नजीर अहमद और कुलदीप कुमार के रूप में हुई है।
इस हमले की जिम्मेदारी पाकिस्तान के आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के कश्मीर टाइगर्स ग्रुप ने ली है। कश्मीर टाइगर्स ने सोशल मीडिया पर डिफेंस गार्ड के शवों की तस्वीरें शेयर की, जिसमें दोनों के मुंह से खून बह रहा था। दोनों के आंखों में पट्टी भी बंधी थी। कश्मीर टाइगर्स ने पोस्ट में लिखा- कश्मीर की आजादी तक यह जंग जारी रहेगी।
उधर, बारामूला के सोपोर में भी आतंकियों और सेना के बीच गुरुवार रात को एनकाउंटर शुरू हुआ। सेना के चिनार कॉर्प्स ने X पर बताया कि बारामूला के सोपोर के पानीपुरा इलाके में कुछ आतंकियों के छिपे होने की जानकारी मिली थी। सर्च ऑपरेशन के दौरान आतंकियों ने फायरिंग की, जिसका सेना के जवानों ने भी जवाब दिया।
कश्मीर टाइगर्स का दावा- डिफेंस गार्ड मजाहिद्दीन का पीछा कर रहे थे
कश्मीर टाइगर्स ने हमले की जिम्मेदारी लेते हुए X पर पोस्ट की। इसमें लिखा कि दोनों विलेज डिफेंस गार्ड कश्मीर टाइगर्स के मुजाहिद्दीन का पीछा कर रहे थे। मुजाहिद्दीन ने दोनों गार्ड को रंगे हाथों पकड़ा और उनकी हत्या कर दी।
पोस्ट में लिखा था- कश्मीर टाइगर्स का रिकॉर्ड देख सकते हैं। हमने कभी किसी कॉमन हिंदू नहीं मारा है। हम इंडियन आर्मी के खिलाफ लड़ रहे हैं। ऐसा देखा जा रहा है कि कुछ लोग विलेज डिफेंस गार्ड जॉइन करके इंडियन आर्मी का टूल बनना चाह रहा है। उन्हें आज की घटना से सबक लेना चाहिए।
CM ने दुख जताया, LG बोले- बदला लेंगे
- CM उमर, फारूक अब्दुल्ला: जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस ने X पर कहा कि मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और जेकेएनसी के अध्यक्ष डॉ. फारूक अब्दुल्ला ने विलेज डिफेंस गार्ड की हत्या की निंदा की है। उन्होंने कहा है कि इस तरह की बर्बर हिंसा की घटनाएं जम्मू-कश्मीर में शांति के लिए बाधा बनी हुई हैं।
- LG मनोज सिन्हा: किश्तवाड़ हमले की निंदा करने के लिए कोई भी शब्द पर्याप्त नहीं है। मैं इस कायरतापूर्ण हमले में शहीद हुए वीर सपूतों के परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। हम सभी आतंकवादी संगठनों को नष्ट करने और इस हमले का बदला लेने के लिए दृढ़ संकल्पित हैं।