चंडीगढ़,2 नवंबर ( न्यूज़ अपडेट इंडिया ) । कोर्ट द्वारा ड्रग्स मामले में सम्मन किए जाने को लेकर खैहरा पर दबाव बढ़ाने के लिए अकाली दल-भाजपा के एक शिष्टमंडल ने विधान सभा के स्पीकर राणा केपी से मुलाकात कर उन्हें विधान सभा से बर्खास्त करने की अपील कर दी है। इस संबंध में संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने स्पीकर को एक ज्ञापन भी सौंपा। साथ ही यह भी आशंका व्यक्त की कि कांग्रेस सरकार खैहरा को गिरफ्तार करने के बारे में गंभीर नहीं है।
अकाली विधायक अजीत सिंह कोहाड़ और भाजपा विधायक सोम प्रकाश के नेतृत्व में प्रतिनिधि मंडल के स्पीकर से मुलाकात के उपरांत पूर्व मंत्री बिक्रम मजीठिया ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि यह बहुत ही गंभीर मामला है, क्योंकि खैहरा को ड्रग्स मामले में कोर्ट द्वारा गिरफ्तारी समन जारी किया गया है, जबकि कांग्रेस सरकार कार्रवाई करने में अपने पैर खींच रही है।
कांग्रेस सरकार खैहरा के विरुद्ध नरमी का व्यवहार कर रही है। शिअद नेता ने कहा कि आप के नेता को तत्काल गिरफ्तार किया जाना चाहिए क्योंकि उनके खिलाफ गैर-जमानती सम्मन जारी किए गए हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि इसके अलावा पूरक चालान खैरा के खिलाफ ही बनाया जा सकता है अगर वह हिरासत पूछताछ की जाए।
खैहरा के बचाव में नहीं आया कोई नेता
फाजिल्का कोर्ट द्वारा सुखपाल खैहरा को सम्मन जारी किए जाने के बाद आम आदमी पार्टी ने चुप्पी साध ली है। वहीं, राजनीतिक रूप से अपने बचाव के लिए खैहरा अकेले ही खड़े नजर आ रहे है। पार्टी की तरफ से कोई भी नेता उनके बचाव में नहीं आया है। वहीं, वीरवार को भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल की मुलाकात भी हुई। जिसमें खैहरा मामले पर चर्चा भी हुई। लेकिन पार्टी ने फिलहाल पूरे प्रकरण से खुद को दूर ही रखना उचित समझा है।