चंडीगढ़, 07 अक्तूबर ( न्यूज़ अपडेट इंडिया )। बलात्कार के दोष में सजा काट रहे गुरमीत राम रहीम की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। डेरा प्रबंधक रणजीत सिंह हत्याकांड में शनिवार को सीबीआई कोर्ट में सुनवाई पूरी हो गई। आज पंचकूला स्थित सीबीआई कोर्ट में हुई सुनवाई के दौरान आरोपी सबदिल के बयान और पहले दिए जा चुके बयानों पर बहस हुई। राम रहीम भी वीडियो कान्फ्रैंसिंग के जरिए कोर्ट में पेश हुए। (SUBHEAD)
अब रणजीत सिंह की हत्या मामले पर अगली सुनवाई 13 अक्टूबर को होगी। आगामी सुनवाई के दौरान आरोपी पक्ष के बयानों पर बहस की जाएगी। वहीं, बचाव पक्ष के वकील एस.के. गर्ग ने बताया कि उन्होंने सीबीआई कोर्ट द्वारा राम रहीम को दी गई 20 साल की सज़ा के फैसले के खिलाफ हाई कोर्ट में अपील दायर की है। गुरमीत राम रहीम की अपली पर अगले सप्ताह सुनवाई हो सकती है।
रणजीत सिंह हत्या मामले के बाकी सभी 5 आरोपियों को भी सीबीआई कोर्ट में पेश किया गया था। डेरा प्रबंधक रणजीत सिंह की हत्या आरोप में कृष्ण लाल, अवतार सिंह, जसबीर, सबदिल और इन्द्रसेन को कोर्ट में पेश किया गया। बचाव पक्ष ने अपील में कई तथ्यों को आधार बनाया।
इससे पहले बीती 26 और 27 सितंबर को इस मामले में सुनवाई हुई थी। जिसमें सीबीआई और डेरा पक्ष के वकीलों के बीच बहस हुई थी। अब सभी लोगों की निगाहें अदालत के फैसले पर लगी हैं।