चंडीगढ़ । इस साल की सरदार भगवंत सिंह मेमोरियल बास्केटबॉल ट्रॉफी, जो टूर्नामेंट के 10वें सीजन का जश्न मनाने के लिए एक ऐतिहासिक आयोजन है, 6 से 13 नवंबर, 2024 तक इंडोर बास्केटबॉल कोर्ट, गमाडा, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, सेक्टर 78, मोहाली में आयोजित की जाएगी। ट्राइसिटी के प्रमुख स्कूलों के खिलाड़ी इस शानदार ट्रॉफी को उठाने के लिए आपस में मुकाबला करेंगे। इस टूर्नामेंट के लिए स्कूल टीमों के खिलाड़ी अभी से तैयारी कर रहे हैं।
ट्राइसिटी रीजन के स्पोर्ट्स कैलेंडर में सरदार भगवंत सिंह मेमोरियल बास्केटबॉल ट्रॉफी एक महत्वपूर्ण आयोजन बन गया है। इस टूर्नामेंट ने दशक भर में युवा बास्केटबॉल प्रतिभाओं को तैयार कर आगे बढ़ाने, स्कूल भावना को बढ़ावा देने और रीजन के बेस्ट स्कूलों के बीच बेहतर और हेल्दी मुकाबले को बढ़ावा देने के लिए नाम कमाया है।
चंडीगढ़ प्रेस क्लब में मीडियाकर्मियों के साथ इस साल के टूर्नामेंट की जानकारी विस्तार से साझा करते हुए, विवेक हाई स्कूल के एडमिनिस्ट्रेटर विक्रमजीत सिंह मामिक ने कहा कि "टूर्नामेंट तीन आयु समूहों में युवा एथलीटों को चमकने के लिए एक बेहतरीन प्लेटफॉर्म प्रदान करेगा, जिनमें: अंडर-12 लड़के और लड़कियां, अंडर-14 लड़के और लड़कियां, और अंडर-17 लड़के और लड़कियोँ के मुकाबले शामिल होंगे । इन कैटेगरीज के माध्यम से ये यकीनी बनाया जाएगा कि विभिन्न आयु समूहों के स्टूडेंट्स को अपने संबंधित आयुवर्गो में प्रतिस्पर्धा करने का मौका मिले, जिसमें लड़के और लड़कियों दोनों के लिए समान अवसर हों।
टूर्नामेंट 6 नवंबर से 13 नवंबर, 2024 तक इंडोर बास्केटबॉल कोर्ट, गमाडा, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, सेक्टर 78, मोहाली में आयोजित किया जाएगा। इसमें मुकाबले के लिए 50 स्कूलों को आमंत्रित किया गया है। पूरे दिन मैच चलेंगे, जिसमें पूरे रीजन भर के कई स्कूलों की खेल प्रतिभाओं का प्रदर्शन होगा। टूर्नामेंट के दौरान प्रत्येक दिन, दर्शक 12 से 14 मैच देख सकते हैं, जिसमें तेज़ गति और बेहतरीन बास्केटबॉल एक्शन शामिल है।
उन्होंने बताया कि सफलता के एक दशक का जश्न मनाने के लिए, हमने पहली बार प्रत्येक कैटेगरी में प्रमुख तीन टीमों के लिए नकद पुरस्कार शुरू किए हैं। कुल 2,70,000 रुपये का प्राइज पूल प्रदान किया जाएगा, जो इसे क्षेत्र में सबसे ज्यादा पुरस्कार राशि वाले स्कूल-स्तरीय खेल आयोजनों में से एक बना देगा। डॉ. अमर ज्योति चावला, प्रिंसिपल, विवेक हाई स्कूल, मोहाली ने कहा कि यह माइलस्टोन सेलिब्रेशन स्कूलों के बीच बास्केटबॉल की प्रोफ़ाइल को बढ़ाने और अधिक युवा एथलीटों को मनोरंजक और प्रतिस्पर्धी दोनों स्तरों पर खेल को आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित करने में अहम भूमिका निभाएगा ।