नई दिल्ली | बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती तूफान ‘दाना’ का ओडिशा के तट पर लैंडफाल रात करीब 12:30 बजे से जारी है। यह सुबह 8 बजे तक चलने का अनुमान है। हवाओं की रफ्तार घटकर 10 किलोमीटर प्रति घंटे रह गई हे। IMD के मुताबिक, लैंडफॉल से पहले तूफान छह घंटे में 15 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-उत्तर पश्चिम दिशा की ओर बढ़ा।
यह केंद्रपाड़ा जिले के भितरकनिका और भद्रक जिले के धामरा के बीच लगभग 110 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाली हवाओं के साथ तट पर पहुंचा। तूफान के चलते धामरा समेत कई इलाकों में पेड़ उखड़ गए। तूफान का असर पश्चिम बंगाल में भी पड़ रहा है।
धामरा में पेड़ उखड़े, कोलकाता एयरपोर्ट सुबह 9 बजे तक बंद; बंगाल समेत 7 राज्यों पर असर
कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस एयरपोर्ट को गुरुवार शाम 6 बजे से शुक्रवार सुबह 9 बजे तक के लिए बंद कर दिया गया है। वहीं, पश्चिम बंगाल सरकार ने दाना के खतरे को देखते हुए अब तक 1,59,837 लोगों को प्रभावित क्षेत्रों से निकाला। इनमें से 83,537 लोगों को राहत शिविरों में पहुंचाया गया है।
दाना के असर से ओडिशा में बारिश हो रही है। भद्रक, केंद्रपाड़ा सहित कुछ स्थानों पर 30 सेमी से ज्यादा बारिश होने का अनुमान है। बाकी तटीय इलाकों में 20 सेमी तक बारिश के आसार हैं। ओडिशा के 14 जिलों में 10 लाख लोगों को शिफ्ट किया गया है। इस तूफान का असर 7 राज्यों में देखने को मिल रहा है।
दो एयरपोर्ट पर 16 घंटे 300 फ्लाइट कैंसिल, 552 ट्रेनें रद्द
भुवनेश्वर और कोलकाता एयरपोर्ट पर गुरुवार शाम 5 बजे से 25 अक्टूबर सुबह 9 बजे तक 16 घंटे करीब 300 फ्लाइट्स कैंसिल रहेंगी। इधर साउथ ईस्ट रेलवे ने 150, ईस्ट कोस्ट रेलवे ने 198, ईस्टर्न रेलवे ने 190 और साउथ ईस्ट सेंट्रल रेलवे ने 14 ट्रेनें रद्द कर दी हैं। कुल 552 ट्रेनें रद्द की गई हैं।
पुरी के जगन्नाथ मंदिर परिसर में सभी अस्थायी टेंट हटा दिए गए हैं। एस्बेस्टस की छतों पर रेत की बोरियां रखी गई हैं। ताकि उड़ न जाएं। वहीं कोणार्क मंदिर को दो दिनों के लिए बंद कर दिया गया है।
ओडिशा में NDRF और फायर ब्रिगेड की 288 टीमें तैनात
ओडिशा ने नेशनल डिजास्टर रिलीफ फोर्स (NDRF), ओडिशा डिजास्टर रिलीफ फोर्स (ODRF) और फायर ब्रिगेड की 288 टीमें तैनात की हैं। तूफान से प्रभावित 14 जिलों के स्कूल-कॉलेज 25 अक्टूबर तक बंद रहेंगे। इन जिलों में सभी टूरिज्म पार्क के साथ ओडिशा हाईकोर्ट को भी 25 अक्टूबर तक बंद कर दिया गया है। सरकारी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने हाई लेवल मीटिंग कर तूफान से निपटने की तैयारियों की समीक्षा की है।