नई दिल्ली | चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया डीवाई चंद्रचूड़ ने कहा कि दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण के चलते उन्होंने मॉर्निंग वॉक पर जाना बंद कर दिया है। उन्होंने कहा कि उनके डॉक्टर ने उन्हें सुबह की सैर पर जाने को मना किया है क्योंकि खराब हवा के चलते सांस संबंधी परेशानियां हो सकती हैं।
CJI ने यह बात सुप्रीम कोर्ट में आयोजित प्री-डिवाली सेलिब्रेशन में जर्नलिस्ट्स से बातचीत के दौरान कही। जस्टिस चंद्रचूड़ 10 नवंबर को रिटायर हो रहे हैं। इस आयोजन में CJI ने ये भी ऐलान किया कि अब से सुप्रीम कोर्ट की कार्यवाही को कवर करने के लिए पत्रकारों के लिए कानून की डिग्री होना अनिवार्य नहीं होगा।
कहा- खराब हवा से सांस संबंधी बीमारियां होती हैं, इसलिए मेरे डॉक्टर ने मना किया
इस बीच सर्दी का मौसम शुरू होते ही दिल्ली की एयर क्वालिटी पहले से ही 'बहुत खराब' श्रेणी में पहुंच चुकी है। कमीशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेमेंट के मुताबिक गुरुवार सुबह दिल्ली में एयर क्वालिटी इंडेक्स 385 रिकॉर्ड किया गया। वहीं, यमुना नदी में जहरीला झाग नजर आने लगा है।
दिल्ली में पॉल्यूशन पर इमरजेंसी मीटिंग हुई
दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने पॉल्यूशन को लेकर 18 अक्टूबर को इमरजेंसी मीटिंग की थी। उन्होंने कहा कि कुल 13 हॉटस्पॉट हैं, जहां AQI 300 को पार कर गया है। मंत्री ने अधिकारियों को जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए और कहा- पॉल्यूशन इतना ज्यादा क्यों हो रहा है, इसकी वजह पता करें।
गोपाल राय ने कहा कि सर्दी बढ़ने की वजह से दिल्ली-NCR की एयर क्वालिटी खराब हो रही है। दो दिन से पॉल्यूशन का स्तर बढ़ रहा है। इससे लोगों को गले में दर्द, सांस लेने में दिक्कत और आंखों में जलन हो रही है। इसी के साथ त्वचा से जुड़ी बीमारियां होने का भी खतरा बढ़ जाता है।