श्रीनगर | जम्मू-कश्मीर के गांदरबल में रविवार रात आतंकियों ने गैर-स्थानीय लोगों पर हमला किया। इसमें डॉक्टर समेत 7 लोगों की मौत हो गई। वहीं, 5 मजदूरों के भी घायल होने की खबर है। उन्हें श्रीनगर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
सभी मजदूर केंद्र सरकार की तरफ से चल रहे सुरंग प्रोजेक्ट में काम कर रहे थे। हमले के तुरंत बाद सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके को घेर लिया। रविवार रात से शुरू हुआ सर्च ऑपरेशन सोमवार सुबह भी जारी है। गांदरबल के इस हमले से 50 किलोमीटर दूर बारामूला में सुरक्षाबलों ने 1 आतंकी को भी मार गिराया है। उसके पास से भारी मात्रा में हथियार भी बरामद हुए हैं। इस इलाके में भी सर्च ऑपरेशन जारी है।
गांदरबल का आतंकी हमला जिस क्षेत्र में हुआ है, वह CM उमर अब्दुल्ला के विधानसभा क्षेत्र में आता है। उन्होंने कहा- मैं इस हमले की कड़ी निंदा करता हूं और पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। गृह मंत्री शाह ने कहा कि इस हमले में शामिल लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। वहीं, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि यह हमला देश के विकास में योगदान देने वालों के खिलाफ है।
सभी मृतक गैर-स्थानीय
डॉक्टर की पहचान बड़गाम के शहनवाज अहमद के तौर पर हुई है। अन्य 6 मृतकों की पहचान पंजाब के गुरदासपुर के गुरमीत सिंह, बहर के रहने वाले अनिल कुमार शुक्ला और फहीम नजीर, कठुआ के रहने वाले शशि अब्रोल, बिहार के मोहम्मद हनीफ और कलीम के रूप में की गई है।
4 दिन पहले भी गैर-स्थानीय युवक की हत्या की थी
इससे पहले 16 अक्टूबर को शोपियां में आतंकियों ने गैर-स्थानीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी थी। मृतक की पहचान अशोक चौहान के रूप में की गई थी। अशोक चौहान बिहार से जम्मू कश्मीर मजदूरी करने गए थे। उनका शव संदिग्ध परिस्थितियों में पाया गया।