चंडीगढ़ ,31 अक्तूबर ( न्यूज़ अपडेट इंडिया ) : सारंगपुर थाना प्रभारी शादी लाल पर चार पुलिस कर्मियों ने महिला कर्मियों से डबल मीनिंग बातें करने व अन्य स्टाफ से दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया। थाने में तैनात चार जवानों ने इंस्पेक्टर शादी लाल और मुंशी विवेक कुमार की शिकायत एसएसपी से की है।
सारंगपुर पुलिस स्टेशन में तैनात पुलिसकर्मी रवि कुमार, सुखविंदर सिंह, अमरजीत सिंह और विजय ने एसएसपी को शिकायत दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि एसएचओ महिला स्टाफ को अपने कमरे में बुलाता है। उनसे डबल मीनिंग बात करता है और उन्हें परेशान करता है। इस कारण कई महिला और पुरुष पुलिस कर्मी काफी तनाव में हैं। इसके अलावा थाना का करीबी मुंशी विवेक कुमार भी छुंट्टी के नाम पर पुलिस कर्मियों से रुपये मागता है। उन्होंने मामले की जांच करने और कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। इस मामले की जांच का जिम्मा डीएसपी सेंट्रल रामगोपाल को सौंप दिया गया है।
तीन दिन में थाना प्रभारी से मांगा जवाब
मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएसपी सेंट्रल राम गोपाल ने इस्पेक्टर शादी लाल से तीन दिन के अंदर अपना पक्ष रखने का आदेश दिया है। उन्होंने कहा कि मामला काफी गंभीर है। जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।
इस मामले में शिकायत देने वाले चारों कांस्टेबलों में सिर्फ रवि व विजय ही सारंगपुर थाने में कार्यरत हैं। उन्होंने ऐसी किसी तरह की शिकायत देने से इनकार कर अपने बयान दर्ज करवा दिए हैं। इस मामले में फर्जी शिकायत देकर मुझे बदनाम किया जा रहा है। डीएसपी के आदेश पर मैंने अपने भी बयान दर्ज करवा दिए हैं।
- शादी लाल, सारंगपुर थाना प्रभारी
पहले भी आया छुट्टी के नाम पर पैसे मांगने का मामला
इससे पहले आरबीआइ में जवानों को 'फरलो' भेजने के नाम पर उनसे हजारों रुपये लेने की शिकायत भी आला अफसरों के पास पहुंची थी। ड्यूटी देने वाले जवानों ने गुमनाम शिकायत आला अफसरों को दी थी। मामले की जाच एसपी रवि कुमार को दी गई थी।