चंडीगढ़ ,27 अक्तूबर ( न्यूज़ अपडेट इंडिया ) : डीजल-पेट्रोल ऑटो की जगह सीएनजी/एलपीजी ऑटो सब्सिडी रेट पर खरीदने का प्रशासन ने एक और मौका दिया है। स्टेट ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी (एसटीए) ने सब्सिडी के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 30 नवंबर तक बढ़ा दी है। पहले इसकी अंतिम तिथि 21 अक्टूबर थी। पर्यावरण बचाने के लिए एसटीए क्लीन फ्यूल ऑयल से चलने वाले वाहनों को बढ़ावा दे रहा है। इसके तहत सीएनजी/एलपीजी ऑटो के लिए एसटीए 30 हजार रुपये की सब्सिडी उपलब्ध करवा रहा है। अभी तक 22 ऑटो चालकों ने इसका फायदा उठाया है। प्रशासन का लक्ष्य 200 सीएनजी ऑटो को यह सब्सिडी उपलब्ध करवाने का है।
300 डीजल-पेट्रोल ऑटो घोल रहे जहर
चंडीगढ़ में इस समय 300 से अधिक डीजल-पेट्रोल ऑटो चल रहे हैं। इनमें 100 से अधिक ऑटो काफी पुराने हैं जो बहुत ज्यादा धुआं छोड़कर हवा में जहर घोल रहे हैं। हालांकि पहले 10 हजार से अधिक डीजल ऑटो शहर में चलते थे। इनमें अधिकतर मोहाली-पंचकूला के ऑटो थे। जिन पर अब रोक लग चुकी है।