चंडीगढ़। गैंगस्टर गोल्डी बराड़ ने पंजाब के मोहाली में एक कारोबारी को फोन करके धमकी देते हुए दो करोड़ रुपये की फिरौती की मांग की है, वहीं एक अन्य कारोबारी को फोन करके कारोबार में हिस्सेदार बनाने की मांग की है। पुलिस ने दोनों कारोबारियों की शिकायत पर कार्रवाई शुरू कर दी है।
एक दिन पहले ही पंजाबी सिंगर आर. नेत से भी एक करोड़ की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया था। कारोबारी की शिकायत पर मोहाली के सोहाना थाने की पुलिस ने केस दर्ज किया है। सेक्टर-91 निवासी मोहित ग्रोवर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि उसकी दवाईयों की फैक्टरी है। कुछ दिन पहले उसे विदेशी नंबर से उसके फोन पर वॉट्सऐप पर कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने खुद को गोल्डी बराड़ बताया। साथ ही कहा कि अपने बिजनेसमैन में उनका हिस्सा डाले। अगर उसे किसी चीज या बाउंसरों की जरूरत है तो मुहैया करवा दिए जाएंगे। मोहित ने यह सुनकर फोन काटा तो 10 से 15 बार उसी फोन से कॉल आई। आरोपी ने कहा कि अगर पुलिस को शिकायत देने की कोशिश की तो तेरे परिवार को भारी नुकसान होगा। उसके बाद वह भी डर गया था। साथ ही उसने यह नंबर ब्लॉक कर दिए थे।
इसी तरह सेक्टर-78 के प्रॉपर्टी डीलर बसंत को भी विदेशी नंबर से कॉल आई थी। उससे दो करोड़ की रंगदारी मांगी गई। कॉल करने वाले वाले ने खुद को गोल्डी बराड़ बताया। उन्हें भी जान से मारने की धमकियां दी गई। प्रॉपर्टी डीलर ने भी सोहाना थाने में शिकायत दी थी।