श्रीनगर | जम्मू-कश्मीर के नौशेरा में सुरक्षाबलों ने घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर दिया। सेना ने 8 सितंबर की देर रात दो आतंकियों को मार गिराया। साथ ही भारी मात्रा में गोला-बारूद बरामद किया है। फिलहाल ऑपरेशन जारी है।
सुरक्षाबलों ने भारी मात्रा में गोला-बारूद बरामद दिया, ऑपरेशन जारी
आर्मी ने X पर इसकी जानकारी दी। पिछले एक हफ्ते में आतंकी मुठभेड़ की यह दूसरी घटना है। 2 सितंबर को जम्मू-कश्मीर के सुंजवान मिलिट्री स्टेशन पर आतंकियों ने सेना पर फायरिंग की थी। इसमें एक जवान शहीद हो गया था।
पिछले 3 महीने में आतंकी मुठभेड़ की 3 बड़ी घटनाएं
29 अगस्त: कुपवाड़ा में एनकाउंटर में 3 आतंकी मारे गए
29 अगस्त को कुपवाड़ा में एनकाउंटर में 3 आतंकी मारे गए थे। इनमें दो टेररिस्ट माछिल और एक तंगधार में मारा गया था। सेना ने बताया था कि माछिल और तंगधार में 28-29 अगस्त की देर रात खराब मौसम के बीच संदिग्ध गतिविधि देखी गई थी। इसके बाद यहां सेना और पुलिस ने सर्चिंग शुरू की। इस दौरान मुठभेड़ शुरू हो गई थी।
14 अगस्त: डोडा में कैप्टन दीपक सिंह शहीद हुए थे
14 अगस्त को डोडा में आतंकियों से एनकाउंटर में राष्ट्रीय राइफल के आर्मी कैप्टन दीपक सिंह शहीद हो गए। वह डोडा में असार फॉरेस्ट एरिया में चल रहे एनकाउंटर में टीम को लीड कर रहे थे। एनकाउंटर में एक आतंकी मारा गया। 16 जुलाई को भी डोडा के डेसा इलाके में मुठभेड़ के दौरान एक कैप्टन समेत 5 जवान शहीद हुए थे।
15 जुलाई: सेना के कैप्टन समेत 4 जवान शहीद
15 जुलाई की रात 9 बजे डेसा फॉरेस्ट एरिया में आतंकियों के साथ आर्मी की मुठभेड़ हुई थी। इस एनकाउंटर में सेना के कैप्टन समेत 4 जवान शहीद हो गए थे। एक पुलिसकर्मी की भी मौत हुई है। इस एनकाउंटर की जिम्मेदारी आतंकी संगठन जैश ने ली थी।