नई दिल्ली, 07 अक्तूबर ( न्यूज़ अपडेट इंडिया ) आयकर विभाग ने दिल्ली और एनसीआर में 50 जगहों पर छापे मारे हैं. ये छापे एक नामी-गिरामी ऑटो स्पेयर पार्ट्स बनाने वाली कंपनी के ठिकानों पर मारे जा रहे हैं. इन छापों के दौरान 7 करोड़ से ज्यादा का कैश बरामद किया गया है, साथ ही तीन किलो सोना भी बरामद किया गया है, जिसे टॉयलेट में छिपाकर रखा गया था। कंपनी मारुति और अशोक लेलैंड जैसे मशहूर कंपनियों को ऑटो पार्ट्स सप्लाई करती है. सूत्रों के मुताबिक ये छापेमारी दिल्ली, हरियाणा के गुरुग्राम और उत्तर प्रदेश के फरीदाबाद में इस ऑटो मैन्युफैक्चरिंग कंपनियों के दफ्तरों और उनकी अन्य संपत्तियों पर की गई. कालेधन के खिलाफ सरकार की मुहिम के तहत आयकर विभाग उन कंपनियों पर पैनी नजर रख रही है, जिनके संदिग्ध लेनदेन में शामिल होने की आशंका है. पिछले कुछ समय से इसे लेकर मनी लॉन्ड्रिंग में शामिल तमाम फर्जी कंपनियों पर भी शिकंजा कसा गया है। इस ऑटो स्पेयर पार्ट्स बनाने वाली कंपनी के खिलाफ आयकर विभाग की कार्रवाई अब भी जारी है. कंपनी के कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है।