चंडीगढ़,24 अक्तूबर ( न्यूज़ अपडेट इंडिया ) ।चंडीगढ़ नगर निगम द्वारा शहर के सेक्टरों में स्टेनलेस स्टील हाउस इंडिकेटर्स बोर्ड लगाए जाएंगे। निगम को 10 सेक्टरों में ये बोर्ड लगाने की परमिशन प्रशासन से मिल गई है, जबकि हेरिटेज के चलते 1 से लेकर 30 तक के सेक्टरों की अभी तक भी परमिशन नहीं मिली है। गौरतलब है कि शहर में हाउस इंडिकेटर्स बोर्ड लगे हुए काफी समय हो गया है, जिनकी हालत खस्ता हो गई है और उन्हें अब बदलने की जरूरत है। यही कारण है कि निगम ने शहर में नए स्टेनलेस स्टील हाउस इंडिकेटर्स बोर्ड लगाने का फैसला लिया था। सबसे पहले प्रशासन ने सेक्टर-35 में ये बोर्ड लगाए थे, जिसका कि काफी अच्छा रिस्पांस मिला था। इसके बाद निगम ने पायलट प्रोजेक्ट के रूप में सेक्टर-16 में भी ये बोर्ड लगाए थे, जिसके बाद लोगों ने अन्य सेक्टरों में भी ऐसे ही बोर्ड लगाने का फैसला लिया था।
57 लाख रुपये को दी थी अप्रूवल
निगम ने पिछले वर्ष इस काम के लिए 57.66 लाख रुपये के प्रस्ताव को मंजूरी दी थी। प्रस्ताव के तहत सेक्टर-31, 47, 48, इंडिस्ट्रयल एरिया फेस-2 और राम दरबार में ये बोर्ड लगाने का फैसला लिया था। इसके बाद ये प्रशासन को ये प्रस्ताव भेज दिया था। इसके अलावा निगम ने सेक्टर-40, 41, 42 समेत अन्य दो सेक्टरों में भी ये बोर्ड लगाने की परमिशन मांगी थी, जिसकी प्रशासन ने अप्रूवल दे दी है और इसकी ड्राइंग भी फाइनल करके निगम को भेज दी है।
एड्रेस ढूंढ़ने में नहीं होगी परेशानी
ये साइन बोर्ड लगाने का सबसे ज्यादा फायदा ये होगा कि लोगों को एड्रेस ढूंढ़ने में आसानी होगी। अभी फिलहाल जो पुराने बोर्ड लगे हुए हैं, उनकी हालत खस्ता होने के चलते उन पर कुछ भी लिखा हुआ दिखाई नहीं देता है। इसके अलावा स्टेनलेस स्टील नीले रंग के नए बोर्ड लगने का ये भी लाभ है कि ये रात को चमकते हैं, जिससे कि अंधेरा में भी लोगों को ये पता चल जाया करेगा कि कौन से हाउस नंबरों की लाइन किस गली में है।
हाइट पर होने के चलते दूर से दिखाई देते हैं बोर्ड
अभी फिलहाल जो पुराने बोर्ड लगे हैं, वो कम हाइट पर लगे हैं, जिसके चलते दूर से दिखाई नहीं देता है। बोर्ड के बिल्कुल पास आकर ही ये बोर्ड दिखाई देते हैं, लेकिन नए बोर्ड उचित हाइट पर लगाए जा रहे हैं, जिसके चलते ये दूर से दिखाई देते हैं। इस संबंध में फॉसवेक के वाइस चेयरमैन हितेश पुरी ने बताया कि शहर के पुराने हाउस इंडिकेटर बोर्ड तो दिखाई ही नहीं देते हैं। अधिकतम बोर्ड की हालत खस्ता भी हो गई है, इसलिए नए बोर्ड लगाना शहर की जरूरत है। सभी सेक्टरों में ये नए बोर्ड लगाने चाहिए।
निगम की सभी सेक्टरों में हाउस इंडिकेटर्स बोर्ड लगाने की योजना है। जिन दो सेक्टरों में ये बोर्ड लगाए गए हैं, वहां से उनका अच्छा रिस्पांस मिला है। अब 10 और सेक्टरों में ये बोर्ड लगाए जाएंगे। प्रशासन से इसकी परमिशन मिल गई है।
-एनपी शर्मा, चीफ इंजीनियर, नगर निगम चंडीगढ़।