मलकानगिरि (ओडिशा), 07 अक्तूबर ( न्यूज़ अपडेट इंडिया ) : माओवादियों ने ओडिशा के मलकानगिरि जिले के एक दूरदराज गांव में एक आदिवासी व्यक्ति की हत्या पुलिस के मुखबीर होने के शक में कर दी. मलकानगिरि के पुलिस अधीक्षक जगमोहन मीणा ने बताया कि करीब 20 माओवादी कुरुब गांव में शुक्रवार रात घुस आए और दंबारू नायक को उनके घर से बाहर खींचकर ले गए. नायक का शव गांव के बाहरी इलाके के जंगल से बरामद किया गया. पुलिस ने बताया कि मृतक के सिर पर पत्थर और कुछ धारदार हथियार से हमला किया गया था. उन्होंने बताया कि घटनास्थल से हाथ से लिखा एक खत भी बरामद हुआ है. इसमें लिखा था कि नायक की हत्या इसलिए की गई क्योंकि वह इस क्षेत्र में पुलिस के मुखबीर के रूप में काम करता था। लिस ने बताया कि खत में यह भी आरोप लगाया गया है कि नायक माओवादियों की गतिविधियों के बारे में पुलिस को सूचना देता था. उन्होंने बताया कि नायक पहले माओवादियों से सुहानुभूति रखता था और दो साल पहले उसने माओवादियों से संपर्क तोड़कर हिंसा के रास्ते को छोड़ दिया था। ग्रामीणों का कहना है कि माओवादियों ने इससे पहले चेतावनी जारी करते हुए उन लोगों से कहा था कि वह पुलिस को कोई भी सूचना न दें।